नई दिल्ली, 23 मई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने तस्करों को बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ पकड़ा है। दो थाई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर पहुंचते ही लगभग 48 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ के साथ खुद को गिरफ्तार कराया।
कस्टम विभाग के मुताबिक, आईजीआई हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से आ रही फ्लाइट (एआई-2356) से आए दो थाई यात्रियों को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका। इन यात्रियों की विशिष्ट प्रोफाइलिंग और संदिग्ध यात्रा के आधार पर उनके सामान की तलाशी ली गई।
तलाशी में छह वैक्यूम-सील पैकेट मिले, जो हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) का संदिग्ध माना गया। एक यात्री के सामान से 29 किलोग्राम का चार पैकेट और दूसरे से 19 किलोग्राम के दो पैकेट बरामद हुए। कुल मिलाकर, बरामद मादक पदार्थ की मात्रा लगभग 47.805 किलोग्राम थी, जिसकी बाजार में कीमत 48 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर हाल की सबसे बड़ी जब्ती में से एक है। मामले की छानबीन जारी है।
इससे पहले, इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने एक एनआरआई यात्री को अवैध रूप से सोना लाने के आरोप में पकड़ा था। अधिकारियों को यात्री की पैंट की अंदरूनी जेब में 115 सोने की छड़ें मिलीं, जिनका कुल वजन 3565 ग्राम था। यात्री ने सोने को छिपाने के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन की गई बेल्ट का सहारा लिया था।
बरामद सोने की छड़ें 24 कैरेट की थीं और इनकी शुद्धता 999.9 है। इन्होंने भारत में तस्करी करके लाने का प्रयास किया था और इन्हें सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त किया गया। संबंधित यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच चल रही है।