भोपाल, 22 मई - मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से किसानों को सोयाबीन के प्रमाणित बीज मुहैया कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने एक पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि राज्य में उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित सोयाबीन बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, अन्य राज्यों में बीज का निर्यात और परिवहन रोका जाए, और बीज प्रमाणीकरण संस्थाओं में हो रही कथित अनियमितताओं की जांच की जाए। दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में कृषि सलाहकार परिषद के पूर्व सदस्य केदार सिरोही द्वारा भेजे गए ईमेल का उल्लेख करते हुए कहा है कि उचित समय पर प्रमाणित बीज की उपलब्धता न होने से कृषि उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, जो किसानों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश सोयाबीन उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है, इसलिए किसानों के लाभ की रक्षा करना बेहद जरूरी है। इसके लिए यह आवश्यक है कि राज्य में प्रमाणित बीज की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित की जाए और यदि बीज प्रमाणीकरण प्रक्रिया में कोई अनियमितता हो रही है, तो उसकी निष्पक्षता से जांच की जाए।
दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर तुरंत ध्यान दिया जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए।