डीआरडीओ-डीजी(एएस) इंटर्नशिप 2026: युवाओं के लिए 200 पदों पर आवेदन प्रक्रिया 26 मई से शुरू

डीआरडीओ-डीजी(एएस) इंटर्नशिप 2026: युवाओं के लिए 200 पदों पर आवेदन प्रक्रिया 26 मई से शुरू

नई दिल्ली, 21 मई। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने एक आधिकारिक सूचना जारी करते हुए बताया कि महानिदेशक (एरोनॉटिकल सिस्टम्स) के तहत विभिन्न प्रयोगशालाओं में सशुल्क इंटर्नशिप योजना 2026-27 के लिए इंजीनियरिंग या विज्ञान में ग्रेजुएट/पोस्ट-ग्रेजुएट छात्र आवेदन कर सकते हैं। उपलब्ध 200 पदों में एडी (बेंगलुरु) के 69, एडीआरडीई (आगरा) के 20, कैब्स (बेंगलुरु) के 60, सेमिलैक (जिसमें आरसीएमए शामिल है) के 20 और जीटीआरई (बेंगलुरु) के 31 पद शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 मई से शुरू हो जाएगी और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 जून है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित तिथि से पहले अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

डीआरडीओ-डीजी(एएस) द्वारा जारी इन पदों के लिए ग्रेजुएट/पोस्ट-ग्रेजुएट के अंतिम वर्ष के छात्र आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास न्यूनतम 6.5 सीजीपीए हो। चयन प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी और चयनित उम्मीदवारों को कुल 30,000 रुपए स्टाइपेंड के रूप में दो किश्तों में दिया जाएगा, जिसमें पहली किश्त 15,000 रुपए तीन महीने बाद और दूसरी किश्त अगले तीन महीने बाद मिलेगी। हालांकि, यदि प्रशिक्षु 6 महीनों की अवधि पूरी होने से पहले इंटर्नशिप छोड़ता है, तो उसे कोई प्रमाण पत्र नहीं दिया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार को सबसे पहले डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर उपयुक्त पद के लिए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें और आवेदन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरें। मांगे गए सभी दस्तावेजों को सही आकार में अपलोड करें और अंत में फॉर्म की जांच करके सबमिट करें। आवेदन पत्र की एक कॉपी प्रिंट निकालकर भविष्य की संदर्भ के लिए रख लें।