नई दिल्ली, 22 मई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में तस्करी के नेटवर्क पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 60,000 किलोग्राम विदेशी सुपारी बरामद की है और इस सिलसिले में 5 व्यक्तियों को पकड़ा गया है। यह जानकारी वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को साझा की। मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि डीआरआई की गुवाहाटी शाखा ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में हाल ही में किए गए दो बड़े अभियानों में यह जब्ती की है।
डीआरआई ने मिजोरम और असम में विशेष खुफिया सूचना के आधार पर ये कार्रवाई की।
बयान में उल्लेख किया गया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि यह विदेशी सूखी सुपारी म्यांमार से मिजोरम के रास्ते भारत में तस्करी की जा रही थी। इस ऑपरेशन में डीआरआई को असम राइफल्स की 38वीं बटालियन का सहयोग प्राप्त हुआ है। अब तक इस अभियान में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि पड़ोसी देश से अवैध रूप से सुपारी का आना देश के स्थानीय सुपारी उत्पादकों को आर्थिक हानि पहुंचा रहा है और सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है।
इससे पहले, डीआरआई ने ई-सिगरेट की तस्करी कर रहे एक गिरोह के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 करोड़ रुपए की 3 लाख ई-सिगरेट/वेप्स जब्त की थीं।
वित्त मंत्रालय के बयान में जानकारी दी गई कि डीआरआई ने प्रतिबंधित निकोटीन उत्पादों के अवैध आयात के खिलाफ हाल के दिनों में महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के विभिन्न बंदरगाहों, हवाई अड्डों और आईसीडी में व्यापक स्तर पर ई-सिगरेट (वेप) तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है।
ये प्रतिबंधित ई-सिगरेट हर बार चीन से मंगाई जाती थीं और इन्हें "फर्नीचर" और "धातु की कुर्सी के पुर्जों" जैसे सामान में छिपाकर भारत में लाया जाता था।