रांची, 24 मई। मध्य प्रदेश के दो युवा एथलीट्स ने रविवार को 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में पुरुषों की पोल वॉल्ट इवेंट में 5.45 मीटर की ऊंचाई को पार कर एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया। देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने रांची में हुई प्रतियोगिता में 5.41 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। देव कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुलदीप कुमार को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
5.41 मीटर का पुराना रिकॉर्ड हाल ही में कुलदीप कुमार द्वारा भुवनेश्वर में बनाया गया था। इन दोनों एथलीट्स ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए आवश्यक 5.25 मीटर का क्वालिफिकेशन मानक भी हासिल किया है। इस प्रतियोगिता का पहले का रिकॉर्ड 5.35 मीटर था, जिसे पिछले साल देव कुमार ने बनाया था।
शनिवार को जहां स्प्रिंटर्स पर सभी की नजरें थीं, वहीं रविवार को प्रतियोगिता में मुख्य आकर्षण 'फील्ड इवेंट्स' रहे।
लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर ने 8.08 मीटर की दूरी तय कर स्वर्ण पदक जीता। उनके इस प्रदर्शन ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए निर्धारित 8.05 मीटर के क्वालिफिकेशन मानक को भी पीछे छोड़ दिया।
पुरुषों की ऊंची कूद में महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.28 मीटर की ऊंचाई पार करके स्वर्ण पदक हासिल किया, जो कि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए निर्धारित 2.22 मीटर के मानक से काफी बेहतर था।
कुशारे ने उस रिकॉर्ड की बराबरी की जो पहले तेजस्विन शंकर के नाम था। उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (2.29 मीटर) को तोड़ने की कोशिश में ऊंचाई को 2.30 मीटर बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन तीन बार कोशिश करने पर भी सफल नहीं हो सके। रजत पदक विजेता आदर्श राम ने भी कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन मानक को हासिल किया।
पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस अशोक शिरसे ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। उन्होंने 13.50 सेकंड में गोल्ड जीता और अपना ही मीट रिकॉर्ड 13.61 सेकंड को तोड़ दिया, लेकिन कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए जरूरी समय 13.39 सेकंड को पार नहीं कर सके।
सुबह के सत्र में, हरियाणा की रवीना ने महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक में 44:29.66 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो कि कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन समय 44:44.58 सेकंड से बेहतर था।
नतीजे:
महिलाएं:
1500 मीटर (सीडब्ल्यूजी क्वालिफिकेशन समय 3:30.82 सेकंड): राहुल बलोदा (राजस्थान) 3:40.06 सेकंड, शाकिर (हरियाणा) 3:40.83 सेकंड, अजय कुमार सरोज (उत्तर प्रदेश) 3:40.92 सेकंड।
110 मीटर हर्डल्स (सीडब्ल्यूजी क्वालिफिकेशन समय 13.39 सेकंड): तेजस अशोक शिरसे (रिलायंस) 13.50 सेकंड, कृषिक एम (रिलायंस) 13.52 सेकंड, मुहम्मद लाजान (नेवी) 13.83 सेकंड।
पोल वॉल्ट (सीडब्ल्यूजी क्वालिफिकेशन मार्क 5.25 मीटर): देव कुमार मीणा (मध्य प्रदेश) 5.45 मीटर (नेशनल रिकॉर्ड- पुराना रिकॉर्ड 5.41 मीटर कुलदीप कुमार द्वारा), कुलदीप कुमार (मध्य प्रदेश) 5.45 मीटर, रीगन जी (तमिलनाडु) 5.15 मीटर।
हाई जंप (डब्ल्यूजी क्वालिफाइंग मार्क 2.22 मीटर): सर्वेश अनिल कुशारे (महाराष्ट्र) 2.28 मीटर, आदर्श राम (तमिलनाडु) 2.22 मीटर, सुदीप (कर्नाटक) 2.12 मीटर।
लॉन्ग जंप (डब्ल्यूजी क्वालिफाइंग मार्क 8.05 मीटर): एम श्रीशंकर (एनसीओई त्रिवेंद्रम) 8.08 मीटर, एस लोकेश (रिलायंस) 7.94 मीटर, मोहम्मद अत्ता साजिद (हरियाणा) 7.90 मीटर।
डिस्कस थ्रो (डब्ल्यूजी क्वालिफाइंग मार्क 64.56 मीटर): धर्मराज यादव (आर्मी) 55.20 मीटर, भरतप्रीत सिंह (नेवी) 54.62 मीटर, ओइनम एल्सोन सिंह (एनसीओई पटियाला) 53.52 मीटर।
महिलाएं:
100 मीटर हर्डल्स (डब्ल्यूजी क्वालिफाइंग टाइम 12.67 सेकंड): नंदिनी के (तमिलनाडु) 13.24 सेकंड, प्रज्ञान प्रशांति साहू (ओडिशा) 13.33 सेकंड, अंजली सी (जेएसडब्ल्यू) 13.35 सेकंड।
10,000 मीटर रेस वॉक (डब्ल्यूजी क्वालिफ़ाइंग टाइम 44:44.58): रवीना (हरियाणा) 44:29.66 सेकंड, रेशमा पटेल (ऑल इंडिया पुलिस) 44:57.94 सेकंड, मुनिता प्रजापति (उत्तर प्रदेश) 45:23.92 सेकंड।
हैमर थ्रो (डब्ल्यूजी क्वालीफाइंग मार्क 66.80 मीटर): मनप्रीत कौर (पंजाब) 59.08 मीटर, कुलविंदर कौर (रेलवे स्पोर्ट्स) 57.76 मीटर, दिव्या धांधिलिया (ओडिशा) 56.41 मीटर।