पटना, 23 मई। युवाओं को नौकरी देने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के मकसद से केंद्र सरकार ने शनिवार को देशभर में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 47 विभिन्न स्थलों पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए गए। रोजगार मेले के जरिए 51 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में रोजगार के अवसर मुहैया कराए गए।
राजस्थान के जोधपुर में काजरी ऑडिटोरियम में हुए रोजगार मेले में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने 191 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर रेलवे विभाग में सबसे ज्यादा 153 नियुक्तियों का ऐलान हुआ, इसके अलावा डाक विभाग में 20, वित्तीय सेवा में 16 और रक्षा विभाग में 2 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले। इनमें 25 स्टार कैंडिडेट्स भी शामिल थे।
अजमेर में आयोजित रोजगार मेले में 258 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चयनित युवा और उनके परिवार के लोग उपस्थित थे। युवाओं ने केंद्र सरकार की इस पहल को रोजगार के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया।
बीकानेर में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल शामिल हुए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि 2023 से शुरू किए गए रोजगार मेले का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है। उन्होंने बताया कि सरकार पहले भी रोजगार दे रही थी, लेकिन अब प्रक्रिया को सरल और भ्रष्टाचार मुक्त किया गया है। कई पदों के लिए इंटरव्यू की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और सेल्फ-अटेस्टेशन की सुविधा शुरू की गई है, जिससे युवाओं को यह विश्वास होता है कि उन्हें योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी रोजगार मेले को युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देशन में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, और मुद्रा, स्टार्टअप, तथा स्टैंडअप जैसी योजनाओं के जरिए लाखों युवाओं के लिए नए रोजगार निर्माण हो रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने 102 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सभी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी मीडिया से कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने देश के हजारों युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाया है। अब लोगों को बिना किसी कठिनाई के नियुक्ति पत्र मिल रहा है।