मानसून की विदाई के बाद भी उत्तर भारत में मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। दिल्ली-NCR में 7 अक्टूबर को बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले एक-दो दिन गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार यहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा की संभावना बनी हुई है। 7 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी ने हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए 7 से 9 अक्टूबर तक मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। 7 और 8 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रह सकता है।
यूपी में दो दिन मौसम खराब रहने के आसार
उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 7 और 8 अक्टूबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है। IMD के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 9 अक्टूबर से मौसम में सुधार के आसार हैं, जबकि पूर्वी यूपी में भी 9 अक्टूबर के बाद फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पहाड़ों पर बारिश के साथ बर्फबारी
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख तक देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 7 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी 7 से 10 अक्टूबर के बीच आंधी, बिजली और बारिश का असर रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम ने पहले ही करवट ले ली है। किन्नौर जिले के चौरा और तरंडा पंचायत क्षेत्रों में मंगलवार को तेज ओलावृष्टि हुई। इससे खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुंचने की खबर है। स्थानीय किसानों के मुताबिक अचानक हुई ओलावृष्टि से सब्जियों के पौधे प्रभावित हुए हैं और पैदावार पर भी असर पड़ने की आशंका है।
बिहार समेत कई राज्यों में भी अलर्ट
दिल्ली और यूपी के अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। बिहार में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने का अनुमान है।
क्यों बदल रहा है मौसम?
उत्तर भारत के मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग हिस्सों में बने मौसम तंत्रों के प्रभाव से हो रहा है। IMD के मुताबिक 6 से 12 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर सकते हैं। मानसून की वापसी के बावजूद इन प्रणालियों के कारण दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।
सर्दियों की आहट?
अक्टूबर की शुरुआत में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना के बीच उत्तर भारत में तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि मौजूदा मौसम प्रणाली को सीधे सर्दियों की शुरुआत से जोड़ना जल्दबाजी होगी। फिलहाल मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।