दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर शनिवार यानी 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शनों के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। DMRC ने 57 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट पर रोक लगा दी है। इसके अलावा नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। यात्रियों को सफर से पहले परिवहन सेवाओं की स्थिति की जांच करने की सलाह दी गई है।

जंतर-मंतर पर क्यों हो रहा है प्रदर्शन?

सीजेपी ने कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा की है। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की डिमांड की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेंट्रल दिल्ली में BNSS की धारा 163 लागू की गई है।

इन मेट्रो लाइनों पर पड़ेगा असर

DMRC के अनुसार, येलो लाइन के 20, रेड लाइन के 9, ब्लू और पिंक लाइन के 8-8, वायलेट लाइन के 7 और मैजेंटा लाइन के 4 स्टेशन बंद रहेंगे। इसके अलावा, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का शिवाजी स्टेडियम स्टेशन भी बंद रहेगा। बंद रहने वाले प्रमुख स्टेशनों में राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, जनपथ, मंडी हाउस, ITO, सुप्रीम कोर्ट, कश्मीरी गेट, करोल बाग, विश्वविद्यालय, खान मार्केट, लाजपत नगर, हौज खास, आजादपुर, शाहदरा, रिठाला और रोहिणी ईस्ट शामिल हैं। मेट्रो स्टेशनों पर 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर को अगले आदेश तक प्रतिबंध लागू रहेगा। हालांकि, लिस्ट में शामिल नहीं किए गए स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं जारी रहेंगी।

शराब की दुकानों संग नमो भारत स्टेशन भी बंद

दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की खुदरा दुकानें बंद रहेंगी। हालांकि, वैध लाइसेंस वाले रेस्तरां, बार और क्लब में शराब परोसने की अनुमति रहेगी। वहीं, सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान आनंद विहार से मोदीपुरम के बीच नमो भारत ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी।

रेलवे यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर सुबह चार बजे से दोपहर द बजे तक ट्रेन संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शुरुआती स्टेशनों से रद्द की जा सकती हैं। यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।

यात्रियों के लिए क्या हैं विकल्प?

यात्री बंद मेट्रो स्टेशनों के बजाय नजदीकी चालू स्टेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर बस, कैब या ऑटो से सफर पूरा किया जा सकता है। मध्य दिल्ली में जाम की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर निकलना बेहतर होगा। रद्द ट्रेनों के रिफंड के लिए IRCTC या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकता है। यात्रा से पहले DMRC और रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जानकारी लेना जरूर है।