डॉन 3 विवाद: फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह के खिलाफ एफडब्ल्यूआईसीई में की शिकायत, 25 मई को होगा निर्णय

डॉन 3 विवाद: फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह के खिलाफ एफडब्ल्यूआईसीई में की शिकायत, 25 मई को होगा निर्णय

मुंबई, 23 मई। सुपरहिट फ्रैंचाइजी ‘डॉन 3’ को लेकर एक बड़ा विवाद उत्पन्न हो गया है। फिल्म के निर्माता और निर्देशक फरहान अख्तर ने लीड एक्टर रणवीर सिंह के खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) में औपचारिक शिकायत दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, निर्माता रणवीर सिंह से मुआवजे की मांग करने की योजना बना रहे हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब यह समाचार फैला कि रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ से अपना नाम वापस ले लिया है। हालांकि, रणवीर की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

‘डॉन’ फ्रैंचाइजी को बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा श्रृंखलाओं में से एक माना जाता है। पहले दो हिस्सों में शाहरुख़ ख़ान ने मुख्य भूमिका निभाई थी। अब ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह को डॉन के रोल में कास्ट किए जाने की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन उनके फिल्म से बाहर होने की खबर से मेकर्स नाराज हैं और कानूनी कदम उठाने की तैयारी कर रहे हैं।

फरहान अख्तर ने एफडब्ल्यूआईसीई में शिकायत करके रणवीर सिंह पर फिल्म से बाहर होने का आरोप लगाया है। एफडब्ल्यूआईसीई ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है।

फेडरेशन ने इस मामले की गंभीरता को समझते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि वे पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने सूचित किया कि 25 मई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इस विवाद पर उनके आधिकारिक निर्णय की घोषणा की जाएगी।

एफडब्ल्यूआईसीई ने मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि सोमवार, 25 मई को शाम 4:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में संघ अपनी शिकायत और जांच के आधार पर निर्णय सुनाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस का स्थान एफडब्ल्यूआईसीई कार्यालय, अंधेरी (पश्चिम), मुंबई होगा।

एफडब्ल्यूआईसीई के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित, अध्यक्ष बी एन तिवारी और महासचिव अशोक दुबे ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री के सदस्यों को आमंत्रित किया है।