ग्रेटर नोएडा, 22 मई। गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाना इलाके में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से हरियाणा से लाई गई 34 पेटी अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की गई एक कार जब्त की है। बरामद की गई शराब की अनुमानित लागत लगभग 3.5 लाख रुपए है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई शुक्रवार, 22 मई को दादरी बाईपास के जारचा अंडरपास के निकट की गई थी। उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब क्षेत्र में आने वाली है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को रोका। कार में उन्हें बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान सर्वेश और निशांत के तौर पर हुई है।
सर्वेश की उम्र 32 वर्ष है और वह मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के दैपुरा गांव का निवासी है। वहीं, दूसरा आरोपी निशांत लगभग 20 वर्ष का है और वह भिंड जिले के कारेकपुरा गांव से आता है। पुलिस ने बताया है कि उनके पास से जब्त की गई 34 पेटी अवैध शराब उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने के लिए हरियाणा से लाई गई थी। इसके आलावा, तस्करी में उपयोग की गई कार को भी जब्त किया गया है। इस मामले में थाना दादरी पर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह जानने के प्रयास में है कि आरोपियों ने शराब की खेप कहां से मंगाई थी और इसे किन जगहों पर पहुंचाना था। इसके साथ ही, इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की खोजबीन भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सतत अभियान चलाने का निर्णय लिया है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।