लखनऊ, 25 मई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए निवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर है और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सीएम ने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर समस्याओं के निपटारे का आदेश भी दिया। इस कार्यक्रम में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ शिकायतें भी आईं।
सीएम योगी ने सभी को आश्वासन दिया कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों पर सरकार का विशेष ध्यान है। प्रदेश के हर नागरिक को शिक्षा हासिल हो और सभी जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करानी सरकार की प्रतिबद्धता है। इन विभागों से संबंधित मुद्दों को संवेदनशीलता से सुलझाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित करें कि सभी को न्याय मिले और बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जरूरतमंदों के उचित उपचार की व्यवस्था का सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं और उनसे संवाद किया। महिलाओं को सलाह देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में अपने और परिवार के बुजुर्गों, बच्चों का खास ध्यान रखें, और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। उचित खानपान पर ध्यान देने की भी आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘जनता दर्शन’ की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ''जनहित सर्वोपरि, जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में अपने सरकारी निवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।''