छोटे शहरों से उभरेंगे नए सितारे, अलीगढ़ में बना विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

छोटे शहरों से उभरेंगे नए सितारे, अलीगढ़ में बना विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

लखनऊ, 24 मई। उत्तर प्रदेश में खेलों की दिशा में एक नई क्रांति लाते हुए योगी सरकार अलीगढ़ मंडल को एक अद्वितीय गिफ्ट देने की योजना बना रही है, जो राज्य की खेल प्रतिभाओं को नये आयाम पर ले जाने का कार्य करेगी। 13,000 स्क्वायर मीटर के क्षेत्र में 57 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से निर्मित ओलंपिक मानक का इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अब तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे जल्दी ही आम जनता को समर्पित करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह परिसर अलीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों का एक केंद्र बनने वाला है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि यह मंडल का पहला ऐसा विश्वस्तरीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

योगी सरकार का उद्देश्य सिर्फ स्टेडियम बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीण, कस्बों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। इस विशाल खेल परिसर की एक प्रमुख विशेषता इसका राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल है। अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित इस पूल में भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सकता है। अलीगढ़ मंडल के तैराकों को अब अपने शहर में उच्च स्तर के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा, जो पहले बड़े शहरों पर निर्भरता को कम करेगा।

कॉम्प्लेक्स में एक आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल भी है, जिसमें विभिन्न इनडोर खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बनाया गया है। साथ ही, खिलाड़ियों के लिए बिलियर्ड्स रूम और हाईटेक जिम की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यह परिसर पेशेवर प्रशिक्षण और फिटनेस से संबंधित सेवाएं मुहैया कराते हुए खिलाड़ियों को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा। इसे केवल अभ्यास केंद्र के रूप में नहीं बल्कि बड़े खेल आयोजनों के लिए एक सम्पूर्ण स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया गया है।

दर्शकों की सुविधाओं का ख्याल रखते हुए अत्याधुनिक स्पेक्टेटर गैलरी तैयार की गई है, जहां बड़ी संख्या में लोग प्रतियोगिताओं का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा, वीआईपी रूम, मीडिया रूम और आधुनिक लाउंज क्षेत्र भी शामिल किए गए हैं, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर आयोजनों का सुचारू संचालन किया जा सके। इस कारण अलीगढ़ भविष्य में बड़े खेल आयोजनों की मेज़बानी के लिए एक उपयुक्त स्थान के रूप में देखा जा रहा है।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन के बाद अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अब दिल्ली, नोएडा या लखनऊ जैसे शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सबसे बड़ा लाभ प्राप्त होगा। निकट भविष्य में यह परिसर अलीगढ़ को उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में स्थापित करेगा, जिससे नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का आयोजन करके राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की संभावना बढ़ जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। गांवों में मिनी स्टेडियम, जिलों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का निर्माण करके सरकार युवा लोगों को खेलों के प्रति प्रेरित करने की रणनीति पर कार्य कर रही है। अलीगढ़ का यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इसी विजन का महत्वपूर्ण उदाहरण है। कॉम्प्लेक्स के तैयार होने से खेल प्रेमियों और स्थानीय निवासियों में खुशी का माहौल है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना भविष्य में अलीगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी। अलीगढ़, जो पहले ताले के उद्योग और शिक्षा संस्थानों के लिए जाना जाता था, अब खेल प्रतिभाओं का नया केंद्र बन सकता है। वहीं, स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ अभ्यास का अवसर मिलने से उनके सपनों को नई उड़ान मिलेगी। खेल जगत को इस बात की उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में अलीगढ़ से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभरेंगे और राज्य का नाम रोशन करेंगे।