चीन की कोयला खदान में गंभीर गैस विस्फोट हुआ, 90 लोगों की जान गई, पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

चीन की कोयला खदान में गंभीर गैस विस्फोट हुआ, 90 लोगों की जान गई, पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

नई दिल्ली, 23 मई। उत्तरी शानशी प्रांत की एक कोयला खदान में गंभीर गैस विस्फोट की घटना हुई है। इसमें लगभग 90 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है और कई लोग अब भी लापता हैं। इस त्रासदी पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "चीन के शानशी प्रांत में माइनिंग हादसे में हुई मौतों से बहुत दुख पहुंचा है। भारत के नागरिकों की ओर से चीन के लोगों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को ताकत प्रदान करें। मैं अन्य लापता व्यक्तियों की जल्दी और सुरक्षित वापसी की प्रार्थना करता हूं।"

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस हादसे के बाद, शुक्रवार को शानशी प्रांत में खदान में हुए विस्फोट के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जिसमें लापता व्यक्तियों के बचाव और घायलों के उपचार की अपील की गई है।

राष्ट्रपति शी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना के महासचिव और सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के प्रमुख भी हैं। उन्होंने घटना के बाद की स्थिति को कुशलतापूर्वक संभालने और इसके कारणों की विस्तृत जांच करने की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि कानून के अनुसार जिम्मेदारी तय की जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि देश भर के अधिकारियों को इस घटना से सीख लेनी चाहिए और कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए, साथ ही बड़े हादसों को रोकने के लिए संभावित खतरों की पहचान और उन्हें समाप्त करने पर जोर देना चाहिए।

चूंकि चीन में बाढ़ का मौसम आ चुका है, इसलिए उन्होंने लोगों की सुरक्षा के लिए आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने और बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा राहत के ठोस उपायों की आवश्यकता भी बताई है।

सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार शुक्रवार रात 9:43 बजे चांगजी के किनयुआन काउंटी में लिउशेन्यू कोयला खदान में हुई, जहां उस समय 247 श्रमिक गहराई में काम कर रहे थे।

शनिवार सुबह 3:33 बजे तक 157 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका था, इनमें से चार की मृत्यु की पुष्टि की जा चुकी थी। कुल 90 लोग अब भी खदान में फंसे हुए थे, जिनमें से 16 की स्थिति गंभीर बताई जा रही थी।