चीन की कोयला खदान में बड़ा हादसा, गैस विस्फोट में 82 मजदूरों की मौत; कई लोगों के फंसे होने की आशंका

चीन की कोयला खदान में बड़ा हादसा, गैस विस्फोट में 82 मजदूरों की मौत; कई लोगों के फंसे होने की आशंका

चीन के उत्तरी प्रांत शानशी में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट में कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया के अनुसार यह हादसा शुक्रवार शाम चांगझी शहर की लिउशेन्यु कोयला खदान में हुआ, जहां उस समय बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे।

हादसे के वक्त खदान में मौजूद थे सैकड़ों मजदूर

सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोट के समय खदान में लगभग 247 श्रमिक मौजूद थे। शुरुआती रिपोर्टों में आठ लोगों की मौत और कई मजदूरों के फंसे होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 82 हो गई। बचाव दल लगातार राहत और खोज अभियान में जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक क्षेत्र है शानशी

Shanxi चीन का प्रमुख कोयला उत्पादक प्रांत माना जाता है। यहां हर साल भारी मात्रा में कोयले का उत्पादन होता है। पिछले वर्ष इस प्रांत में लगभग 1.3 अरब टन कोयले का उत्खनन किया गया था, जो चीन के कुल उत्पादन का करीब एक-तिहाई हिस्सा है।

कोयला खदानों में हमेशा बना रहता है खतरा

कोयला खदानों में जहरीली और ज्वलनशील गैसों के रिसाव का खतरा लगातार बना रहता है। मजदूर संकरी और गहरी भूमिगत सुरंगों में जोखिम उठाकर काम करते हैं, जहां छोटे हादसे भी बड़े विस्फोट का रूप ले सकते हैं।

भारत में भी सामने आ चुके हैं ऐसे हादसे

हाल के दिनों में भारत में भी खदान हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की परासिया कोलियरी में हुए विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। ऐसे हादसे खदानों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।