नई दिल्ली, 21 मई। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), नई दिल्ली ने ईएसआईसी पीजीआईएमएसआर और ईएसआईसी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण संकाय (प्रोफेसरों) के लिए 118 विभिन्न पदों की रिक्तियों की जानकारी एक आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से जारी की है। ईएसआईसी ने विभिन्न विभागों में प्रोफेसरों के लिए पदों की घोषणा की है, जिसमें शरीर रचना विज्ञान (एनाटॉमी) से 7, अनेस्थीसियोलॉजी से 7, बायोकेमिस्ट्री से 4, सामुदायिक चिकित्सा से 7, त्वचा विज्ञान से 1, आपातकालीन चिकित्सा से 6, फोरेंसिक चिकित्सा और विष विज्ञान (एफएमटी) से 5, सामान्य चिकित्सा से 8, सामान्य शल्य चिकित्सा से 8, सूक्ष्मजीव विज्ञान से 7, नेत्र विज्ञान (आंख) से 4, अस्थि रोग विज्ञान से 8, ओटोरहिनोलैरिंगोलॉजी (ईएनटी) से 2, बाल रोग विज्ञान से 6, पैथोलॉजी से 6, औषध विज्ञान से 5, शारीरिक चिकित्सा और पुनर्वास से 2, शरीर क्रिया विज्ञान से 5, मनोचिकित्सा से 3, रेडियोडायग्नोसिस (रेडियोलॉजी) से 4, श्वसन चिकित्सा से 4 और रक्त आधान चिकित्सा (ब्लड बैंक) से 9 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 मई से ऑफलाइन प्रारंभ हो चुकी है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो अभ्यर्थी आवेदन करना चाहते हैं, वे अंतिम तिथि से पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म भेज सकते हैं।
आवेदकों को संबंधित विभाग में पोस्ट-ग्रेजुएशन की आवश्यकता होगी, जैसे कि एमडी (डॉक्टर ऑफ मेडिसिन) या मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) या संबंधित विषय में इसके समकक्ष मान्यता प्राप्त डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, कैंडिडेट्स के पास आवश्यक शिक्षण अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य कैंडिडेट्स का चयन साक्षात्कार, शॉर्टलिस्टिंग और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों को 1,23,100 से 2,15,900 रुपए तक की मासिक सैलरी मिलेगी। इसके साथ ही अन्य लाभ और भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।
रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस/ईएसआईसी और विभागीय पुरुषों के लिए 500 रुपए है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग/महिलाओं (सभी श्रेणियां)/पूर्व सैनिकों के लिए आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले ईएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। फिर होमपेज पर संबंधित पद की अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन पत्र को डाउनलोड करके उसका प्रिंट आउट निकालें। बाद में फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को भरें। सभी आवश्यक दस्तावेजों को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालकर 'क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली, ईएसआई कॉर्पोरेशन, डीडीए कॉम्प्लेक्स सह कार्यालय, तीसरी और चौथी मंजिल, राजेंद्र भवन, राजेंद्र प्लेस, नई दिल्ली-110008' पते पर डाक से भेज दें। अंत में, आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रखें।