चतरा पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 100 साल पुरानी 24 जैन प्रतिमाएं मिलीं

चतरा पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 100 साल पुरानी 24 जैन प्रतिमाएं मिलीं

चतरा, 21 मई। झारखंड के इटखोरी थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई लगभग 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 जैन प्रतिमाएं बरामद की हैं। इस मामले पर एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इस चोरी के मामले का खुलासा किया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान साले गांव, मयूरहंड क्षेत्र के निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है।

एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कीमती प्रतिमाएं और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन अष्टधातु प्रतिमाओं की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये के करीब बताई जा रही है।

उन्होंने आगे बताया कि 20 मई को जैन मंदिर से प्रतिमाओं की चोरी के बाद इटखोरी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ कांड संख्या 65/2026, धारा 305(डी) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

इसी दौरान टीम को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदीप सिंह को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने मंदिर से चोरी की घटना में अपनी भागीदारी स्वीकार कर ली। बाद में उसकी निशानदेही पर 24 जैन प्रतिमाएं और चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सुरक्षित रूप से बरामद कर ली गई।

एसपी ने बताया कि संदीप सिंह नशे की लत का शिकार है और उसने संध्या आरती के बाद मंदिर में एकांत देखकर चोरी की योजना बनाई थी। वह इन बहुमूल्य प्रतिमाओं को दिल्ली में बेचने की सोच रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और बड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस त्वरित कार्रवाई में शामिल छापेमारी टीम में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक दुखीराम महतो, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार और आरक्षी रविकांत सिंह शामिल थे।