चाईबासा में अफीम तस्करों पर कार्रवाई, 20 किलो डोडा और 7 लाख नकद के साथ तीन गिरफ्तार

चाईबासा में अफीम तस्करों पर कार्रवाई, 20 किलो डोडा और 7 लाख नकद के साथ तीन गिरफ्तार

चाईबासा, 22 मई। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस ने अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने टेबो थाना क्षेत्र के रोगोद गांव में छापेमारी कर तीन तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा है। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 20 किलो अवैध अफीम का डोडा, तस्करी में इस्तेमाल होने वाले दो मोटरसाइकिल और 7 लाख रुपए जब्त किए हैं।

टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी ने जानकारी दी कि जिला पुलिस कप्तान को सूचना मिली थी कि रोगोद गांव के पास के जंगल में कुछ तस्कर बड़े पैमाने पर अफीम की खरीद-बिक्री के लिए एकत्रित होने वाले हैं।

सूचना की पुष्टि और त्वरित कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष सर्च अभियान का गठन किया गया। पुलिस टीम ने रोगोद गांव के जंगल में रणनीति के तहत जाल बिछा दिया। जैसे ही तस्कर मादक पदार्थों का सौदा करने पहुंचे, पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया।

अपने को घिरा देख आरोपियों ने बाइक छोड़कर घने जंगलों में भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोगोद गांव के बुद्धनाथ पूरती, सोमा हास्सा पूरती और कोटगढ़ा गांव के मांगरा हुनी पूरती के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि टेबो थाना क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसका लाभ उठाकर कुछ ग्रामीण अवैध अफीम की खेती करते हैं। इस पूरी तस्करी के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए पुलिस लगातार सूचनाएं इकट्ठा कर रही है।