भोपाल, 21 मई। मध्य प्रदेश में पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा की मृत्यु के मामले में एक नया और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, ट्विशा की मौत के एक दिन बाद उनकी सास गिरिबाला सिंह ने कई बार फोन किए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कुछ कॉल्स न्यायपालिका के सदस्यों, जैसे जज और जस्टिस स्तर के अधिकारियों को भी की गई थीं। परिवार ने मांग की है कि इन सभी कॉल्स की गहन जांच की जाए ताकि उनकी असली मंशा का पता चल सके।
ट्विशा के परिवार ने फोन नंबरों की एक सूची जारी की जिसमें यह दावा किया गया है कि उसकी सास गिरिबाला सिंह ने ट्विशा की मृत्यु के अगले दिन कई कॉल्स की, जिनमें न्यायपालिका से जुड़े व्यक्तियों के नंबर शामिल हैं। परिवार का कहना है कि ये सभी कॉल्स 13 मई को की गई थीं, जब सीसीटीवी फुटेज लगाने वाले युवकों को भी गिरिबाला के नंबर से फोन किया गया था।
परिवार ने मांग की है कि इन सभी फोन नंबरों की पूरी जांच हो। इसके साथ ही इन नंबरों से जुड़े सभी डिजिटल रिकॉर्ड्स को तत्काल सुरक्षित किया जाए। इसमें कॉल डिटेल्स, टावर लोकेशन, इंटरनेट का उपयोग, ईमेल, एसएमएस, व्हाट्सएप चैट्स, सोशल मीडिया अकाउंट्स, क्लाउड डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य शामिल हैं।
परिवार चाहता है कि इन सभी सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए सही तरीके से संरक्षित किया जाए ताकि कोई भी छेड़छाड़ न हो सके। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के रिश्तेदारों, सहयोगियों, वकीलों, ड्राइवरों, घरेलू सहायक कर्मचारियों और ट्विशा या उसके परिवार के संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों के फोन रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और डिजिटल गतिविधियाँ भी तुरंत सुरक्षित की जाएं।
ज्ञात हो कि ट्विशा शर्मा की मृत्यु के बाद उसका पति भाग गया है और पुलिस उसे ढूंढने में लगी है। जबकि, समर्थ सिंह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और इस पर इनाम भी घोषित किया गया है।
वहीं, परिजन ने अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। सीएम ने आश्वासन दिया है कि उन्हें न्याय मिलेगा। परिजन सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।