पूर्वी चंपारण स्थित प्रसिद्ध ‘वट्ट बुद्ध टेम्पल’ केसरिया में शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। यहां प्रमुख बौद्ध भिक्षु डॉ. पी.सी. चंद्रा श्री जी ने बौद्ध मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना करवाई। इस अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री और जनता दल (यू) विधायक दल के नेता श्री श्रवण कुमार, वाल्मीकिनगर के सांसद श्री सुनील कुमार तथा सिकटा के विधायक श्री समृद्ध वर्मा उपस्थित रहे।
भगवान बुद्ध के समक्ष नतमस्तक हुए मंत्री
पूजा-अर्चना के दौरान मंत्री श्री श्रवण कुमार ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष नतमस्तक होकर बिहारवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी समाज को शांति, करुणा और सद्भाव का संदेश देते हैं।
नीतीश कुमार ने बिहार को बनाया आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र
मंत्री श्री कुमार ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बोधगया, नालंदा, राजगीर और भगवान बुद्ध से जुड़े अन्य पवित्र स्थलों का विकास कर राज्य को विश्व स्तर पर आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाई है।
भगवान बुद्ध के विचारों से बढ़ता है सामाजिक सद्भाव
इस अवसर पर सांसद श्री सुनील कुमार ने कहा कि भगवान बुद्ध के सिद्धांत समाज में सामाजिक सद्भाव, शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की यह आध्यात्मिक धरोहर पूरी दुनिया को शांति और मानवता का संदेश देती है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे श्रद्धालु
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी रही। पूरे वातावरण में बौद्ध मंत्रोच्चारण और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष अनुभव देखने को मिला।