बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (प्रारंभिक) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से पटना स्थित हज भवन में मुफ्त आवासीय कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इच्छुक अल्पसंख्यक अभ्यर्थी इस कोचिंग में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
25 मई से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
अभ्यर्थी 25 मई से 4 जून शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन बिहार हज समिति की आधिकारिक वेबसाइट
www.biharstatehajcommittee.org
पर जाकर किया जा सकता है।
5 और 6 जून को डाउनलोड होगा एडमिट कार्ड
कोचिंग में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा का एडमिट कार्ड अभ्यर्थी 5 और 6 जून को डाउनलोड कर सकेंगे।
7 जून को होगी प्रवेश परीक्षा
हज भवन कोचिंग एंड गाइडेंस सेल में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा 7 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा परिणाम 10 जून को जारी होगा, जबकि चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 13 जून को किया जाएगा। इसके बाद 15 जून से कक्षाएं शुरू होंगी।
अल्पसंख्यक छात्रों को मिलेगा मुफ्त मार्गदर्शन
यह कोचिंग बिहार सरकार की राज्य कोचिंग योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध और जैन समुदाय के मेधावी छात्र-छात्राओं को BPSC, UPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराना है।
आवासीय सुविधा के साथ मिलेगी स्टडी मैटेरियल
हज भवन कोचिंग एंड गाइडेंस सेल में छात्रों को मुफ्त आवासीय सुविधा, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन, अध्ययन सामग्री और विशेष मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर अवसर प्रदान करना है।