मुंबई, 24 मई। भारत की शीर्ष 10 कंपनियों में से छह के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह 74,111.57 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। इस वृद्धि का सबसे अधिक लाभ आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) को मिला है। पिछले सप्ताह, सेंसेक्स ने 177 अंकों या 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,415 और निफ्टी 75 अंकों या 0.32 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 23,719 पर क्लोजिंग की।
18-22 मई के दौरान, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) के मार्केट कैप में कमी आई है।
टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 19,338.68 करोड़ रुपए की वृद्धि के साथ 8,38,401.33 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 14,515.93 करोड़ रुपए बढ़कर 9,06,901.32 करोड़ रुपए हो गया।
इस सप्ताह, एलआईसी का मार्केट कैप 9,076.37 करोड़ रुपए के इजाफे के साथ 5,14,443.69 करोड़ रुपए हो गया।
बजाज फाइनेंस की मार्केट कैप में भी 3,797.83 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह 5,70,515.57 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 2,685.87 करोड़ रुपए की वृद्धि के साथ 5,40,228.21 करोड़ रुपए हो गया है।
वहीं, भारती एयरटेल के मार्केट कैप में सबसे बड़ी गिरावट आई, जो 20,229.67 करोड़ रुपए घटकर 11,40,295.49 करोड़ रुपए रह गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर में 16,212.18 करोड़ रुपए का कमी आई और यह 5,17,380 करोड़ रुपए पर आ गया, जबकि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मार्केट कैप में 12,784.4 करोड़ रुपए की कमी आई और यह 8,76,077.92 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन भी 2,094.35 करोड़ रुपए घटकर 11,79,974.90 करोड़ रुपए हो गया।
सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में एचडीएफसी बैंक पहले स्थान पर बना रहा, उसके बाद क्रमश: भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का नाम आया।