बीईएल भर्ती 2026: प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित 56 पदों पर नौकरी का मौका, 8 जून तक करें आवेदन

बीईएल भर्ती 2026: प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित 56 पदों पर नौकरी का मौका, 8 जून तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 20 मई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) में नौकरी के इच्छुक व्यक्तियों के लिए एक बेहतरीन अवसर उपलब्ध है। बीईएल ने दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश स्थित विभिन्न परियोजनाओं के लिए अस्थायी रूप से प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित कुल 56 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन 56 पदों में 25 फील्ड ऑपरेशन इंजीनियर (एफओई) और 31 प्रोजेक्ट इंजीनियर-I शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी बीईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन देने वाले अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से फील्ड ऑपरेशन इंजीनियर पद के लिए बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग (4 वर्षीय पाठ्यक्रम)/एमई/एमटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार/दूरसंचार/यांत्रिक/विद्युत/कंप्यूटर विज्ञान/सूचना प्रौद्योगिकी) या एमसीए (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन) की डिग्री होना अनिवार्य है।

प्रोजेक्ट इंजीनियर-I के पद के लिए उम्मीदवारों के पास बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग (4 वर्षीय पाठ्यक्रम) की डिग्री होनी चाहिए, जिसमें समान शैक्षणिक धाराएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, दोनों पदों के लिए उम्मीदवारों को संबंधित क्षेत्र में 2 से 5 वर्षों का अनुभव और अन्य आवश्यक योग्यताएं पूरी करनी होंगी।

प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष और फील्ड ऑपरेशन इंजीनियर के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जो 1 जून की तारीख के अनुसार मानी जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। एफओई पद पर चयनित उम्मीदवारों को 60,000 रुपये प्रति माह और प्रोजेक्ट इंजीनियर पद पर 40,000 रुपये प्रति माह का प्रारंभिक वेतन मिलेगा। इसके साथ ही, उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय, उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। फील्ड ऑपरेशन इंजीनियर (एफओई) के लिए आवेदन शुल्क 450 रुपये और प्रोजेक्ट इंजीनियर-I के लिए 400 रुपये है, जिसमें 18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त होगा। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।