बिहार: पुलिस की कार्रवाई में बदमाश घायल, दो पुलिसकर्मी भी हुए जख्मी

बिहार: पुलिस की कार्रवाई में बदमाश घायल, दो पुलिसकर्मी भी हुए जख्मी

किशनगंज, 21 मई। बिहार में पिछले कुछ दिनों से पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इस क्रम में किशनगंज जिले में बुधवार रात एक मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि किशनगंज थाना क्षेत्र के फरिंगगोला के पास कुछ अपराधी इकट्ठा हैं और वे किसी बड़ी अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने उस स्थान के आसपास गश्त शुरू की।

पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर की बाइक पर भागने लगा। जब पुलिस ने उसका पीछा किया, तो उसने पुलिस पर गोलीबारी कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उस बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान कटिहार जिले के रौतारा निवासी पवन कुमार उर्फ चिंटू के रूप में हुई है, जो अंतरराज्यीय लूट और छिनतई सहित कई आपराधिक गतिविधियों का मुख्य सरगना है।

इस गिरोह में बिहार के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के कई सदस्य शामिल हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, घायल अपराधी का पटना, अररिया, मधुबनी आदि जिलों में लूट से संबंधित लगभग 12 आपराधिक घटनाओं से संबंध है। पुलिस की कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, किशनगंज भी घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली, साथ ही पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटनास्थल पर बदमाश द्वारा उपयोग की गई बिना नंबर की बाइक, पिस्टल और कारतूस के कई खोखे बरामद हुए। जांच की प्रक्रिया में एफएसएल की टीम भी साक्ष्य इकट्ठा करने में लगी है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशनगंज जिले में हाल के समय में हुए कई छिनतई और चोरी की घटनाओं में घायल अपराधी और उसके गिरोह की संलिप्तता पाए जाने की पुष्टि हुई है। अन्य गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी गई बाइकों और अन्य सामानों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

मंगलवार की रात समस्तीपुर जिले में एक मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी घायल हुआ था। वहीं, सोमवार की रात पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में एक कैश वैन से 27 लाख की लूट के मामले में एक अन्य आरोपी भी घायल हुआ था। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार को सुबह पटना और सीवान में अलग-अलग मुठभेड़ में दो वांछित अपराधी घायल हुए थे।