गोपालगंज, 25 मई। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह को सोमवार को एक अदालत से महत्वपूर्ण राहत मिली है। गोपालगंज की अदालत ने अश्लील नृत्य और हथियार लहराने से जुड़े मामले में उनकी गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी है। एक वायरल वीडियो के संबंध में हुई सुनवाई के दौरान एमपी-एमएलए कोर्ट ने विधायक की गिरफ्तारी रोकने का आदेश दिया। साथ ही, अग्रिम जमानत पर फैसला सुरक्षित रखा गया है। अब मामले की अगली सुनवाई 30 मई को होगी।
ज्ञात हो कि 2-3 मई को मीरगंज थाने के सेमरांव गांव में अनंत सिंह गुंजन सिंह के घर आयोजित जनेऊ समारोह में शामिल हुए थे, जहां उनके समर्थकों का हथियारों का प्रदर्शन हुआ था। इसी कारण मीरगंज पुलिस ने अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह सहित 9 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस पर राजनीतिक चर्चाएं भी हुईं।
इस समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। गोपालगंज पुलिस ने विधायक को 15 मई तक अपने हथियारों की जांच के लिए नोटिस भेजा था, जिसमें वे और उनके समर्थक उपस्थित नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस ने नई धाराएं जोड़ने के लिए अदालत में आवेदन दिया है।