बिहार में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होगी, राजनीति नहीं: संजय जायसवाल

बिहार में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होगी, राजनीति नहीं: संजय जायसवाल

नई दिल्ली, 22 मई। बिहार में पुलिस एनकाउंटर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की टिप्पणी के समर्थन में भाजपा सांसद संजय जायसवाल सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में जो भी अपराध करेगा, उस पर कार्रवाई होगी, और इसमें राजनीति का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में स्पष्ट किया, "अपराधी की जाति मायने नहीं रखती; उसका एनकाउंटर किया जाएगा। यह सरकार का स्पष्ट संदेश है कि यदि आप अपराध करेंगे, तो आपके साथ अपराधी जैसा ही व्यवहार किया जाएगा। अगर कोई अपराधी भाग जाता है या पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उसे आसानी से जाने देगी? बिहार सरकार ने ठान लिया है कि किसी भी जाति का अपराधी अगर अपराध करेगा, तो उसे सजा मिलेगी।

दिल्ली में बकरीद के लिए जारी नई गाइडलाइंस पर संजय जायसवाल ने कहा, "यह एक उचित निर्णय है। सभी समुदायों और धर्मों की भावनाओं का सम्मान करना आवश्यक है। त्योहार अच्छे ढंग से मनाएं। समाज में भाईचारा बनाए रखना चाहिए और त्योहारों को शांति से मनाया जाना चाहिए।"

उन्होंने त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर मुसलमान का यह कर्तव्य है कि वह दूसरों की संस्कृति और भावनाओं का भी सम्मान करे, विशेष रूप से गायों के प्रति संवेदनशील रहना भी उनकी जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने बकरीद के अवसर पर सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि बकरीद पर गोवंश, गाय, बछड़े, ऊंट और अन्य प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी देना पूरी तरह से गैरकानूनी है। ऐसा करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामलों की कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल हो सकती है।

कर्नाटक सरकार द्वारा इंजीनियरिंग और अन्य कोर्सों के लिए सीटों का आवंटन शुरू करने और इसे नीट से अलग करने के निर्णय पर भाजपा नेता संजय जायसवाल ने कहा, "इंजीनियरिंग और नीट के बीच का क्या संबंध है, यह केवल सिद्दारमैया ही बता सकते हैं। कर्नाटक सरकार को इस संदर्भ में कुछ नहीं पता है। इंजीनियरिंग का नीट से कोई संबंध नहीं है। इस विषय में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए। सच सभी के सामने आना चाहिए।"