Bihar MLC Election 2026 News : बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन आज राजनीतिक गहमागहमी चरम पर पहुंच गई। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प है। इस सीट पर बीते 3 दशकों से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रो. नवल किशोर यादव का कब्जा रहा है। पार्टी ने फिर उन पर ही भरोसा जताया है। दूसरी तरफ महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने डॉ. संजीव कुमार सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। वैसे, प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज द्वारा डॉ. दिव्या ज्योति को उम्मीदवार बनाए जाने से मुकाबला सीधा त्रिकोणीय हो गया है। बांकीपुर उपचुनाव में मिली सफलता के बाद जन सुराज की इस एंट्री को भाजपा के लिए दूसरी बड़ी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रशांत किशोर का बड़ा वादा : सातवां वेतनमान लागू करवाकर रहूंगा
नामांकन के अंतिम दिन यानी आज जन सुराज की प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति ने विशाल रोड शो के साथ आयुक्त कार्यालय पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। उनके साथ पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर खुद मौजूद रहे। नामांकन से पूर्व आयोजित जनसभा में प्रशांत किशोर ने शिक्षक मतदाताओं से समर्थन मांगते हुए बड़ा दांव खेला। पीके ने ऐलान किया कि यदि शिक्षक वर्ग उनका साथ देता है, तो वे आगामी लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों के लिए सातवां वेतनमान लागू करवाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए चाहे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना पड़े या धरने पर बैठना पड़े, वे शिक्षकों के हक की लड़ाई हर हाल में लड़ेंगे।
कौन हैं जन सुराज प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति?
पटना के बाढ़ इलाके की रहने वाली डॉ. दिव्या ज्योति शिक्षा जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह चाणक्य कॉलेज ऑफ हायर स्टडीज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं और चाणक्य फाउंडेशन की सीईओ के रूप में कार्यरत हैं। लगभग 25 वर्षों का शैक्षणिक व सामाजिक अनुभव रखने वाली दिव्या ज्योति शिक्षकों के अधिकारों, बालिका शिक्षा और गरीब छात्रों के कल्याण के लिए काम करती रही हैं। शुरुआत में वे निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में थीं, लेकिन बाद में महात्मा गांधी और बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने जन सुराज का हाथ थाम लिया।
अन्य सीटों पर भी पर्चे दाखिल
विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए 6 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन था, जबकि वोटिंग 23 अक्टूबर को होगी। पटना के अलावा अन्य सीटों पर भी प्रमुख चेहरों ने नामांकन दाखिल किया।
तिरहुत स्नातक सीट (मुजफ्फरपुर) : राजद प्रत्याशी रश्मि विनायक गौतम ने अपना पर्चा भरा।
दरभंगा शिक्षक सीट : राजद उम्मीदवार कुंवर राउत ने वरिष्ठ नेताओं आलोक मेहता, ललित यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी की उपस्थिति में नामांकन किया।
कोसी स्नातक सीट (पूर्णिया) : कांग्रेस की तरफ से मनोज कुमार जयसवाल ने अपना नामांकन पत्र सौंपा।
1996 से प्रो. नवल किशोर जीत रहे
भाजपा प्रत्याशी प्रो. नवल किशोर यादव 1996 से लगातार पांच बार जीतकर इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ऐसे में जन सुराज और राजद के लिए तीन दशक पुराने इस गढ़ को ढाना सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती बनी हुई है।