'बिग बॉस 20' में हर बदलते हफ्ते के साथ घरवालों के रिश्ते भी बदल रहे हैं। कभी कोई किसी ग्रुप में होता है, तो कभी किसी दूसरे ग्रुप में। इस शो में लोग हवा के साथ अपने गेम का भी रुख बदल लेते हैं। ऐसा ही कुछ इस सीजन में भी देखने को मिला है। एक कंटेस्टेंट ने शो में जबरदस्त फ्लिप मार दिया है और उसकी ये चाल देखकर न सिर्फ कंटेस्टेंट्स बल्कि दर्शक भी हैरान रह गए हैं। शो में अब जिसने सबसे बड़ी पलटी मारी है वो कोई और नहीं बल्कि अमन गांधी हैं। अमन ने अब अपने दुश्मनों से दोस्ती का हाथ मिला लिया है। 

अमन ने शो में मारी पलटी 

अभी तक शो में अमन गांधी एक ग्रुप के खिलाफ खेलते नजर आ रहे थे। अमन की स्काउट, यंग, आसिफ खान, आम्रपाली दुबे और लव गिल से बिल्कुल भी नहीं बन रही थी। दो हफ्ते में अमन के घर में जितने भी झगड़े हुए हैं वो सभी इस ग्रुप के साथ हुए हैं। टास्क में भी वो इसी ग्रुप के खिलाफ खेलते हुए नजर आते हैं। हालांकि, अब अमन गांधी ने अपनों दोस्तों को छोड़कर इसी ग्रुप का हिस्सा बनने का मन बना लिया है। ये फैसला उन्होंने अपने गेम प्ले को ध्यान में रखते हुए लिया है। साथ ही अमन ने अपने इस फैसले के बारे में अपने दोस्तों को भी बता दिया है। 

दोस्तों को छोड़ ज्वाइन किया दुश्मनों का ग्रुप!

दरअसल, पिछले हफ्ते वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने अमन को साफ-साफ कहा था कि वो शो में नजर नहीं आ रहे हैं। इसके बाद अमन ने पूरी कोशिश की कि वो शो में अपना योगदान बढ़ा दें। नतीजा ये निकला कि अमन पूरे हफ्ते अर्शिफा खान, उदिति सिंह और माही विज के साथ दोस्ती निभाते और दूसरे ग्रुप के साथ झगड़े करते दिखे। हालांकि, अब जब राशन टास्क में माही, उदिति और आसिफ से एक ऐसे सदस्य का नाम पूछा गया, जिसका योगदान घर में सबसे कम है, तो आसिफ सीधा अमन के नाम पर अटक गए। टास्क रद्द हो गया लेकिन आसिफ अपनी बात से पीछे नहीं हटे। ये देखकर अमन को अहसास हुआ कि वो कुछ तो गलत कर रहे हैं। 

टास्क ने बदला रिश्तों का रुख 

राशन टास्क खत्म होने के बाद अमन बेहद गिल्ट में दिखाई दिए। उन्होंने पहले आसिफ से जाकर बात की और बिना झगड़ा किए इस बात से सहमति जताई कि वो कहीं न कहीं सही कह रहे हैं। इसके बाद उन्होंने बताया कि वो लड़कियों के बीच बैठकर अपने विचार ठीक से दे नहीं पा रहे हैं। ये बात अमन ने माही से भी कह दी और अब वो इस ग्रुप का साथ छोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। वैसे इससे पहले भी अमन एक दीं यंग के साथ बैठे नजर आए थे। आजकल अमन और यंग अक्सर साथ दिखाई देते हैं। ऐसा लग रहा है अमन अपने लिए यंग के सहारे दूसरे ग्रुप में जगह बना रहे हैं। अब देखना होगा कि उनकी गेम में ये पलटी कितनी काम आती है।