भोपाल: मंत्री कैबिनेट बैठक के लिए ई-रिक्शा में पहुंचे

भोपाल: मंत्री कैबिनेट बैठक के लिए ई-रिक्शा में पहुंचे

भोपाल, 20 मई। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण कई देशों में ऊर्जा संकट बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल और डीजल के उपयोग को कम करने के लिए जनता से अपील की है। मध्य प्रदेश के कई नेता इस अपील का पालन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के ऊर्जा बचत के संदेश का असर बुधवार को स्पष्ट देखने को मिला, जब राज्य सरकार के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल और मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार कैबिनेट बैठक में ई-रिक्शा के जरिए पहुंचे।

राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संसाधनों के संयमित उपयोग की जो अपील की गई है, उसे हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए और दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनना चाहिए।

मंत्री टेटवाल और मंत्री पंवार ने प्रदेश की जनता से आग्रह किया कि सभी को पेट्रोल और डीजल की खपत घटाने, पर्यावरण के संरक्षण को बढ़ावा देने और ऊर्जा बचत को एक व्यापक आंदोलन बनाने का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में एक आत्मनिर्भर, स्वच्छ और मजबूत भारत के निर्माण की नींव रखेंगे।

इससे पहले, राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटाई है। इसी प्रकार राज्य के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने भी अपने साथ चलने वाले वाहनों की संख्या कम की है। राज्य के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर तो ई-स्कूटी पर चलते हुए देखे गए।