नई दिल्ली, 23 मई। भारतीय नौसेना में कार्य करने का सपना लाखों युवा देखते हैं। यदि आप उनमें से एक हैं, तो अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए इंडियन नेवी ने सूचना प्रौद्योगिकी (कार्यकारी शाखा) के तहत 15 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह चयन जनवरी 2027 में आयोजित विशेष नौसेना अभिविन्यास पाठ्यक्रम के तहत भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए) एझिमाला (केरल) में होगा। इसके लिए उम्मीदवारों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित राष्ट्रीयता मानदंडों को पूरा करना आवश्यक है।
भारतीय नौसेना में एसएससी अधिकारी कार्यकारी शाखा (सूचना प्रौद्योगिकी) के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 मई से ऑनलाइन शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 1 जून है। जिन उम्मीदवारों को इस पद के लिए आवेदन करना है, वे ज्वाइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निश्चित समय सीमा के भीतर अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए यह आवश्यक है कि उन्होंने कक्षा 10वीं या 12वीं में अंग्रेजी विषय में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों और साथ ही उन्होंने एमएससी/बीई/बीटेक/एमटेक (कंप्यूटर विज्ञान/कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग/कंप्यूटर इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी/सॉफ्टवेयर सिस्टम/साइबर सुरक्षा/सिस्टम प्रशासन और नेटवर्किंग/कंप्यूटर सिस्टम और नेटवर्किंग/डेटा एनालिटिक्स/आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) या बीसीए/बीएससी (कंप्यूटर विज्ञान/सूचना प्रौद्योगिकी) के साथ कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल किए हों।
योग्य उम्मीदवारों का चयन एसएसबी साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, चिकित्सा परीक्षण और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित कैंडिडेट्स को प्रारंभिक रूप से 56,100 रुपए प्रति माह वेतन मिलेगा, इसके अलावा उन्हें अन्य भत्ते और लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
उम्मीदवारों की आयु 1 जनवरी 2002 से 1 जुलाई 2007 के बीच होनी चाहिए। भर्ती और योग्यता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को ज्वाइन इंडियन आर्मी द्वारा जारी अधिसूचना की जांच करने की सलाह दी जाती है।