भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया

भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया

भोपाल, 20 मई। भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने बुधवार को उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में ऑस्ट्रेलिया को सीरीज के चौथे और अंतिम मुकाबले में 4-1 से पराजित किया।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले क्वार्टर में ऑरोरा कोवासेविच (8’) के गोल के जरिए शुरुआत में ही बढ़त हासिल की। इसके बाद भारतीय टीम ने त्वरित प्रतिक्रिया दी और कप्तान स्वीटी कुजूर (13’) ने पहले क्वार्टर के समाप्ति से पहले गोल करके स्कोर बराबर किया।

दूसरे क्वार्टर में भारत की दीया (25’) ने गोल करके टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई, जो हाफटाइम तक बनी रही।

भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में अपने प्रदर्शन को बनाए रखा और तीसरे क्वार्टर में प्रियंका मिंज (44’) के गोल से बढ़त को 3-1 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में नौशीन नाज (50’) ने एक और गोल दागा, जिससे भारत की जीत 4-1 के साथ सुनिश्चित हो गई।

इस जीत का भारतीय टीम के लिए विशेष महत्व है। इस सफलता के बाद, जापान में इस महीने के अंत में होने वाले अंडर-18 एशिया कप में टीम का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

हालांकि, चार मैचों की इस श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से जीत हासिल की।

सीरीज के पहले मैच में भारत को 3-4 से हार का सामना करना पड़ा, दूसरे मैच में टीम को 1-4 से पराजित होना पड़ा और तीसरे मैच में भारतीय टीम को 1-2 से हार मिली।

भारतीय टीम ने शुरुआती तीन मैचों में हार का सामना किया, लेकिन उन्होंने शानदार खेल दिखाया और ऑस्ट्रेलियाई टीम को मुश्किल में डाला। पहला और तीसरा मुकाबला काफी कड़ा रहा। चौथे मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पूरी तरह मात दी और 4-1 से जीत दर्ज कर सीरीज को रोमांचक तरीके से समाप्त किया।