नई दिल्ली, 21 मई। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को और बेहतर बनाने के लिए विशेष गहन पुनरावृति (एसआईआर फेज 3) नामक एक नया कार्यक्रम शुरू किया है। यह विशेष अभियान 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से लागू होगा। इसका प्रमुख उद्देश्य फर्जी नामों को हटाना, नए योग्य मतदाताओं को जोड़ना, वर्तमान सूची में सुधार करना और आगामी चुनावों के लिए सटीक सूची तैयार करना है।
इस अभियान में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन, मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, दावे और आपत्तियों की सुनवाई, एवं अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन शामिल है।
नागालैंड और त्रिपुरा में एसआईआर के लिए अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। नागालैंड में कार्यक्रम की तैयारी, प्रशिक्षण और प्रिंटिंग 05 से 14 अगस्त 2026 तक होगी। बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वेक्षण 16 अगस्त से 14 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 14 सितंबर 2026 तक पूरा होगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची 20 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। दावे व आपत्तियां 20 सितंबर से 20 अक्टूबर 2026 तक भरी जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची 22 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
त्रिपुरा में यह कार्यक्रम कुछ समय बाद शुरू होगा, जहां तैयारी, प्रशिक्षण और प्रिंटिंग 05 से 14 सितंबर 2026 तक होगी। बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वेक्षण 15 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 14 अक्टूबर 2026 तक सम्पन्न होगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची 21 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी, और अंतिम मतदाता सूची 23 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
अन्य राज्यों में कार्यक्रम के अनुसार, ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, और मणिपुर के लिए अर्हता तिथि 01 जुलाई 2026 है। दादरा और नगर हवेली-दमन एवं दीव, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, और चंडीगढ़ में भी जुलाई 2026 से प्रक्रिया प्रारम्भ होगी। वहीं, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली में अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
निर्वाचन आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस विशेष अभियान को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। आयोग का मानना है कि यह विशेष अभियान मतदाता सूची की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार लाएगा और लोकतंत्र की नींव को और भी मजबूत करेगा।