भारत करेगा कॉमनवेल्थ गेम्स की उत्कृष्ट मेजबानी: गुरजीत कौर

भारत करेगा कॉमनवेल्थ गेम्स की उत्कृष्ट मेजबानी: गुरजीत कौर

अहमदाबाद में आयोजित फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत 'संडे ऑफ साइकिल' कार्यक्रम के 75वें संस्करण में भाग लेते हुए भारतीय महिला हॉकी स्टार गुरजीत कौर ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने सरकार की इस फिटनेस मुहिम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। गुरजीत का विश्वास है कि भारत 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेज़बानी में पूरी तरह सफल रहेगा। उन्होंने 'आईएएनएस' के साथ बातचीत में कहा, "अहमदाबाद आना बहुत अच्छा लग रहा है। 'संडे ऑफ साइकिल' कार्यक्रम में बहुत सारे लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और युवाओं को इसे पसंद आ रहा है। मैं सभी से कहूंगी कि हर रविवार को साइकिल चलाएँ और यदि संभव हो, तो प्रतिदिन साइकिल चलाने का प्रयास करें। यह देखकर बेहद अच्छा लगा कि लोग अपने घरों से निकलकर इस मुहिम का समर्थन कर रहे हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेज़बानी पर बात करते हुए गुरजीत ने कहा, "अगर कॉमनवेल्थ गेम्स भारत में हो रहे हैं, तो हमारे देश के एथलीट पूरे उत्साह से तैयारियों में लगे हैं। मुझे विश्वास है कि भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन शानदार होगा, क्योंकि खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएँ मिल रही हैं।" उन्होंने खिलाड़ियों और जनता से अपील की कि वे खेलों के दौरान आने वाली टीमों का समर्थन करें और प्रदर्शन करें कि भारत भी बहुत कुछ हासिल कर सकता है।

गुरजीत के अलावा, संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने भी भाग लिया। उन्होंने इस सरकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत की मेज़बानी में होने वाला कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 एक यादगार अनुभव होगा। गगन ने बताया कि अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियाँ जोरों पर हैं और शहर हर दृष्टि से इस टूर्नामेंट के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में स्पोर्ट्स साइंस के महत्व को भी बताया। गगन ने कहा कि स्पोर्ट्स साइंस की मदद से खिलाड़ी अपने शरीर और खेल को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं, जिससे उनके प्रदर्शन में सुधार होता है।