नई दिल्ली, 21 मई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और आरएसएस के बारे में दिए गए बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। भाजपा के नेताओं ने उनके वक्तव्य की तीखी आलोचना की है और राहुल गांधी पर जवाबी हमले किए हैं। इस क्रम में भाजपा सांसद मनोज तिवारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला और अयोध्या के महंत राजू दास ने उनके बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी और गंभीर आरोप लगाए।
मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने यह ठान लिया है कि वे न केवल खुद डूबेंगे, बल्कि कांग्रेस को भी डूबो देंगे। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी इतनी हारों का सामना कर चुके हैं कि अब वे देश के विरोधियों के साथ मिलकर चल रहे हैं। मैं इस बात की आलोचना करता हूं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई राहुल गांधी को 20 साल तक सिखाए तो भी वे नरेंद्र मोदी नहीं बन पाएंगे। राहुल गांधी सूरज पर थूकने की कोशिश कर रहे हैं और अंबेडकर के अपमान की बात करते हैं, लेकिन उनकी पार्टी की सरकार ने अंबेडकर की अंतिम क्रिया के लिए दिल्ली में जगह नहीं दी जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में अंबेडकर मेमोरियल बनाने का काम किया।
तिवारी ने यह भी कहा कि यदि देश के लोग अंबेडकर के बारे में अध्ययन करें, तो उन्हें पता चलेगा कि कांग्रेस ने उनका कितना अपमान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को भाजपा ने हराया है। भाजपा जनहित में काम करती है, जबकि कांग्रेस केवल लूटने का कार्य करती है। अब कांग्रेस खत्म हो रही है और संविधान का हवाला देकर लोगों को भड़काने का प्रयास कर रही है। संविधान प्रधानमंत्री को गाली देने की शिक्षा नहीं देता।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि जब प्रधानमंत्री इटली गए और व्यापारिक सौदे किए, तो राहुल गांधी को यह बात क्यों परेशानी दे रही है? पीएम मोदी इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी को ‘मेलोडी’ खिला रहे हैं, जबकि इटली में राहुल गांधी को कोई पूछने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं में डिप्रेशन नहीं है, बल्कि राहुल गांधी खुद इस स्थिति में हैं।
अयोध्या के महंत राजू दास ने कहा कि राहुल गांधी में न तो चाल है, न चरित्र, न आस्था और न विश्वास। उन्हें देश की चिंता नहीं है और जब वे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर विवादित टिप्पणियाँ कर रहे हैं, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आतंकियों के लिए रात में कोर्ट खुलवाने वाले प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने का मतलब है कि वे देश के 140 करोड़ नागरिकों को भी अपशब्द कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी आंखें खोलनी चाहिए, अन्यथा उनके पास जो कुछ सांसद बचे हैं, वे भी खो देंगे।