लखनऊ, 24 मई। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव-2026 के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी ने लखनऊ एवं आगरा स्नातक सीटों के साथ-साथ बरेली-मुरादाबाद, लखनऊ और मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। भाजपा की जारी की गई सूची के अनुसार लखनऊ स्नातक क्षेत्र से अवनीश कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, आगरा स्नातक क्षेत्र से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को टिकट दिया गया है। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों चुनावी मैदान में उतरेंगे। इसके आलावा, लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक क्षेत्र से श्रीचंद शर्मा को पार्टी ने प्रत्याशी चुना है।
प्रत्याशियों की घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा की गई है। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 2026 में विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर चुनाव होने हैं। उप्र विधान परिषद में कुल 100 सदस्य होते हैं, जिनमें से आठ सदस्य शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से और आठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से चुने जाते हैं।
इन सीटों के लिए चुनाव शिक्षित मतदाताओं और शिक्षक समुदाय द्वारा सीधी वोटिंग के जरिए कराए जाते हैं। वर्तमान में इन निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए सदस्यों का कार्यकाल 7 दिसंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके कारण अगले साल इन सीटों पर चुनावी प्रक्रिया चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।
राजनीतिक दलों ने इन चुनावों की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। भाजपा द्वारा घोषित किए गए पांच उम्मीदवार सभी वर्तमान में विधान परिषद के सदस्य हैं। पार्टी ने अनुभव और संगठनात्मक प्रभाव को देखते हुए मौजूदा सदस्यों पर फिर से भरोसा जताया है।
भाजपा के सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवारों के चयन में संगठनात्मक गतिविधियों, शिक्षक और स्नातक वर्ग में पकड़ और क्षेत्रीय समीकरणों का ध्यान रखा गया है। पार्टी इन चुनावों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रही है। विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावों में शिक्षकों, स्नातकों और शिक्षित मतदाताओं की महत्वपूर्ण भागीदारी होती है।