भाजपा का मुख्य लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना: नितिन नवीन

भाजपा का मुख्य लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना: नितिन नवीन

पटना, 23 मई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर बिहार के पटना में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत पटना महानगर जिला प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया और इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्राथमिक लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।

नवीन ने "पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान" के अंतर्गत एक विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी उन महान कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण और तपस्या की कहानी बयां करेगी जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हुए जनहितकारी कार्यों, उपलब्धियों, और बिहार में डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने "भाजपा का इतिहास, वैचारिक आधार एवं विकास यात्रा" विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की यात्रा केवल राजनीतिक दल के विस्तार की कहानी नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना, सेवा, संघर्ष और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प की ऐतिहासिक यात्रा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्राथमिक उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना है। भारतीय जनसंघ की स्थापना 1951 में हुई थी और आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है, यह संघर्ष, समर्पण और कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम है। शुरुआती समय में सीमित संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपने विचारधारा से समझौता नहीं किया और संगठन को आम लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया।

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा सिद्धांतों पर आधारित रही है। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी संगठन की रीढ़ माना जाता है। यही कार्यकर्ता आधारित संस्कृति भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाती है। आज भाजपा के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, युवाओं को अवसर, आधारभूत संरचना का विकास, डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बनाना भाजपा सरकारों की प्राथमिकताएं रही हैं।

कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल जानकारी प्राप्त करने का साधन नहीं है, बल्कि यह वैचारिक मजबूती, संगठनात्मक क्षमता और राष्ट्र सेवा के संकल्प को सशक्त बनाने का एक अवसर है। कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, विचारधारा और संगठनात्मक संस्कृति को समझ कर समाज में ले जाना चाहिए। भाजपा की राजनीति केवल चुनावी प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प से जुड़ी हुई है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को आम जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।