शिवपुरी, 23 मई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच शिवपुरी में एक बैठक हुई। इस बैठक में संगठन की मजबूती और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।
सिंधिया वर्तमान में अपने संसदीय क्षेत्र गुना में हैं और शनिवार को उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल के साथ औपचारिक मुलाकात की। खंडेलवाल शिवपुरी में चल रहे प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने पहुंचे थे। नक्षत्र गार्डन में हुयी इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने संगठन, जनसेवा, कार्यकर्ताओं के सशक्तिकरण और प्रदेश के विकास से संबंधित कई मुद्दों पर एक घंटे से अधिक समय तक सकारात्मक रूप से विचार-विमर्श किया।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता के साथ संवाद को प्रभावी बनाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनता के कल्याण के कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। सिंधिया ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा पर आधारित संगठन है, और इसकी असली ताकत इसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल से विकास की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों, भविष्य की संगठनात्मक गतिविधियों और जनता से सम्बन्धित विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने यह विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित करेगा।
भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए हर जिले में प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर रही है, जहाँ विभिन्न विषयों पर चर्चा और व्यावहारिक ज्ञान का आदान-प्रदान किया जा रहा है। इन प्रशिक्षण वर्गों में विशेषज्ञ कार्यकर्ता संगठन की मजबूती और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद की तकनीकें सिखा रहे हैं।