एशियन गेम्स 2026 के वुमेंस क्रिकेट कॉम्पिटिशन के चौथे क्वार्टर फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह मुकाबला निशिन में क्रिकेट के विभाग में खेला गया था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जापान की पूरी टीम 19.5 ओवर में 57 रन पर सिमट गई थी। इसके बाद टीम इंडिया ने अच्छी शुरुआत करते हुए सिर्फ 5 ओवर में ही 2 विकेट के नुकसान पर 59 रन बनाकर मुकाबले में जीत दर्ज की।
57 रन पर सिमटी जापान की टीम
पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने दबाव में नज़र आई। जापान की तरफ से 2 बल्लेबाज ही डबल स्कोर कर पाए। जबकि बाकी बल्लेबाज 10 रन भी नहीं बना सके। लगातार विकेट गिरने के कारण जापान की पारी संभल नहीं पाई और पूरी टीम 57 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से श्री चरनी ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि शैफाली वर्मा ने 2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा, दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल ने भी 1-1 विकेट लिए।
जापान के नाम दर्ज शर्मनाक रिकॉर्ड
इस स्कोर के साथ ही, जापान की महिला टीम के नाम टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। यह टीम का अब तक का चौथा सबसे कम T20I स्कोर है। जापान इससे, पहले तंजानिया के खिलाफ 27, पापुआ न्यू गिनी के विरुद्ध 37 और नेपाल के खिलाफ 46 रन पर ऑलआउट हो चुकी है।
श्री चरनी शानदार फॉर्म में
इस मुकाबले में श्री चरनी की भूमिका अहम रही। इस साल वह टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। इस साल अब तक 21 मुकाबलों में उन्होंने 43 विकेट अपने नाम दर्ज कर लिए हैं। चरनी ने इस दौरान 10.93 के गेंदबाजी औसत और 5.92 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं। उन्होंने 2026 में तीन बार एक पारी में चार विकेट लिए हैं।
30 गेंदों में मुकाबला ख़त्म
जापान से मिले 58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। महज 30 गेंदों में 59 रन बनाकर मुकाबला खत्म कर दिया। भारत ने केवल 2 विकेट गंवाए और 90 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की। यह महिला टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की गेंदें शेष रहने के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी बन गई। इससे पहले, भारत ने थाईलैंड के खिलाफ 84 गेंद, बांग्लादेश के खिलाफ 70 गेंद, श्रीलंका के खिलाफ 69 गेंद और पाकिस्तान के खिलाफ 68 गेंद बाकी रहते हुए मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
इन टीमों ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
बांग्लादेश और चीन के बीच पहला क्वार्टर फाइनल खेला जाना था, जो बारिश और गीले मैदान के कारण रद्द कर दिया गया था। ऐसे में सीडिंग के आधार पर बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में सीधे जगह बना ली, जबकि पाकिस्तान करीबी मैच में थाइलैंड को 3 विकेट से हराकर सेमीफाइनल पहुंची। वहीं, आज सुबह श्रीलंका ने मलेशिया को 87 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब भारत ने भी जापान के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। भारत का सामना बांग्लादेश से 20 सितंबर दूसरे सेमीफाइनल में होगा। वहीं पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टक्कर श्रीलंका से होगी। जबकि 22 सितंबर को मेडल मैच खेले जाएंगे।
इस मुकाबले में क्या-क्या रिकॉर्ड बने?
महिला टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंदें शेष रहते जीत:
108 गेंदें – जिम्बाब्वे महिला बनाम एस्वातिनी महिला, गैबोरोन, 2021
104 गेंदें – आयरलैंड महिला बनाम फ्रांस महिला, ला मांगा, 2021
98 गेंदें – जिम्बाब्वे महिला बनाम नाइजीरिया महिला, हरारे, 2019
90 गेंदें – भारत महिला बनाम जापान महिला, निशिन, 2026
87 गेंदें – इंग्लैंड महिला बनाम वेस्टइंडीज महिला, ब्रिजटाउन, 2022
जापान की महिला टीम के टी20 आई में सबसे कम (ऑलआउट) स्कोर:
27 रन बनाम तंजानिया महिला, वोंग नाई, 2023
37 रन बनाम पापुआ न्यू गिनी महिला, पोर्ट विला, 2019
46 रन बनाम नेपाल महिला, वोंग नाई, 2023
57 रन बनाम भारत महिला, निशिन, 2026
65 रन बनाम हांगकांग, हांगझोउ, 2023
65 रन बनाम वानुआतु महिला, पोर्ट विला, 2023
एक कैलेंडर वर्ष में महिला टी20 आई क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट:
56 विकेट – थिपाचा पुथावोंग (थाईलैंड महिला), 2025
50 विकेट – हेनरिएट इशिम्वे (रवांडा महिला), 2024
43 विकेट – श्री चरणी (भारत महिला), 2026
43 विकेट – मैरी बिमेनिमाना (रवांडा महिला), 2024
42 विकेट – थिपाचा पुथावोंग (थाईलैंड महिला), 2026
भारतीय महिला टीम की टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंदें शेष रहते जीत:
90 गेंदें – जापान महिला के खिलाफ, निशिन, 2026
84 गेंदें – थाईलैंड महिला के खिलाफ, सिलहट, 2022
70 गेंदें – बांग्लादेश महिला के खिलाफ, हांगझोउ, 2023
69 गेंदें – श्रीलंका महिला के खिलाफ, सिलहट, 2022
68 गेंदें – पाकिस्तान महिला के खिलाफ, दुबई, 2026