टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। भारत ने पाकिस्तान को फाइनल मुकाबले में 19 रनों से हराया। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए 211 रन बनाए। जिसके जवाब में पाकिस्तान निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 192 रन ही बना सका। पाकिस्तान के लिए हसन नवाज ने एक बेहतरीन पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत की मंजिल तक नहीं पहुँचा सके। आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 33 रनों की दरकार थी, लेकिन टीम इस दौरान सिर्फ 13 रन ही बना पाई और मुकाबला हार गई। इस तरह पाकिस्तान को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। 

अभिषेक-तिलक ने खेली धुआंधार पारियां

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत ने 4 ओवर में 51 रन पर 2 विकेट गवां दिए थे। इसके बाद आया अभिषेक शर्मा का तूफान। उन्होंने महज 28 गेंदों में 7 छक्कों की मदद से 61 रनों की धुआँधार पारी खेली। मिडिल ओवर्स में भारत ने कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के विकेट जल्दी गंवा दिए, जिसके बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए सिर्फ 30 गेंदों पर 62 रनों की शानदार साझेदारी की। शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इन पारियों के दम पर भारत ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने 212 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। इस शानदार जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया है; इससे पहले टीम इंडिया ने हांगझोउ एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था।

हसन नवाज की पारी हुई बेकार 

भारत के दिए 212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान पांच ओवर में ही 2 विकेट गवां चुकी थी जिससे टीम पर भारी दबाव आ गया।। फिर हसन नवाज ने सबसे बड़ी और शानदार पारी खेली, उन्होंने महज 51 गेंदों में 5 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 96 रनों की तूफानी पारी खेली। सईम अयूब ने भी 29 रन बनाए, लेकिन वे अपनी टीम को जीत तक नहीं पहुँचा सके। भारत की तरफ से गेंदबाजी में वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट चटकाए।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर 

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पिछला रिकॉर्ड 192/5 था जो 2012 में अहमदाबाद में बनाया था। 14.1 ओवर पर कप्तान श्रेयस अय्यर 21 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान के जाने के बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने पारी को संभाला। दोनों ने 30 गेंदों में 62 रनों की अहम साझेदारी की। तिलक ने नाबाद 22 गेंदों में 51 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और चार छक्के ठोके। 

टॉस पर एक बार फिर नहीं हुआ हैंडशेक

एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी भिड़ंत से पहले एक बार फिर कप्तानों के बीच हाथ न मिलाने की पुरानी परंपरा दोहराई गई। शनिवार को जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में टॉस के लिए उतरे भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और पाकिस्तानी कप्तान साहिबजादा फरहान के बीच आमना-सामना तो हुआ, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैचों में टॉस और मुकाबले के बाद खिलाड़ियों द्वारा हाथ न मिलाने का सिलसिला 2025 के एशिया कप से शुरू हुआ था, जो तब से लगातार जारी है। यह दूरी सिर्फ पुरुष क्रिकेट तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि महिला वर्ल्ड कप, अंडर-19 एशिया कप और सितंबर 2026 में हुए महिला एशिया कप में भी दोनों टीमों के बीच हैंडशेक देखने को नहीं मिला। गौरतलब है कि अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के राजनीतिक और सैन्य रिश्तों में तनाव काफी बढ़ गया था, जिसका असर अब खेल के मैदान पर भी साफ नजर आ रहा है। 2025 के एशिया कप में जब ये दोनों टीमें तीन बार भिड़ी थीं, तो किसी भी मैच के दौरान खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था। इतना ही नहीं, उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था।

भारत और पाकिस्तान की प्लइेंग-11

भारत की प्लेइंग-11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह। 

पाकिस्तान की प्लेइंग-11: साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सैम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, साद मसूद, अबरार अहमद, सुफयान मोकीम।