असम: डिब्रूगढ़ में 23 मई से आईसीएआई का दो दिवसीय उप-क्षेत्रीय सम्मेलन

असम: डिब्रूगढ़ में 23 मई से आईसीएआई का दो दिवसीय उप-क्षेत्रीय सम्मेलन

डिब्रूगढ़, 22 मई। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के पूर्वी भारत क्षेत्रीय परिषद द्वारा डिब्रूगढ़, तिनसुकिया और गुवाहाटी की शाखाओं के सहयोग से 23 मई से दो दिवसीय उप-क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन डिब्रूगढ़ के मनोहारी टी रिजॉर्ट में होगा, जिसका मुख्य विषय है- ‘सप्तसेतु: सीए एक्सीलेंस के माध्यम से सात बहनों को जोड़ना’।

इस विषय पर जानकारी प्रदान करने के लिए शुक्रवार को ईआईआरसी की डिब्रूगढ़ शाखा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। बताया गया कि यह सम्मेलन पेशेवर उत्कृष्टता और क्षेत्रीय एकता को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है, जिसमें पूर्वोत्तर क्षेत्र के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, उद्योगपति, विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और नीति-निर्माता भाग लेंगे। सम्मेलन में ज्ञान साझा करने, पेशेवर चर्चाओं और नेटवर्किंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

23 मई को सुबह 10 बजे उद्घाटन समारोह में डिब्रूगढ़ के उपायुक्त विक्रम कैरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में आईसीएआई के केंद्रीय और क्षेत्रीय परिषद के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के 300 से अधिक सम्मानित व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।

दूसरे दिन, 24 मई को सुबह 10 बजे एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ऑयल इंडिया लिमिटेड के फाइनेंस एंड अकाउंट्स विभाग के कार्यकारी निदेशक ज्योतिर्मय भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इस दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान वर्तमान समय के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। इनमें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), आईपीओ प्रक्रिया, लाभ और रूपरेखा, ‘उन्नति 2024’, एआईआईपीए 2019 के तहत सब्सिडी और प्रोत्साहन योजनाएं, जीएसटी मामलों का सिमुलेशन, अदालती अनुभव, नया आयकर कानून 2025, अमेरिका-ईरान युद्ध से जुड़े मुद्दे, सीए प्रैक्टिस का ऑटोमेशन, गति और विस्तार जैसे विषय शामिल हैं।