मुंबई, 21 मई। अभिनेत्री पूजा गौर आगामी क्राइम-सस्पेंस वेब सीरीज 'लुटेरी दुल्हन' में सब-इंस्पेक्टर संध्या यादव का किरदार निभा रही हैं। यह सीरीज उन रहस्यमय घटनाओं पर आधारित है, जहां कुछ दुल्हनें शादी के बाद दूल्हे को लूटकर अचानक गायब हो जाती हैं। सच्ची घटनाओं पर आधारित होने के कारण अभिनेत्री पूजा गौर इस कहानी से काफी प्रभावित हुईं।
पूजा गौर ने एक विशेष बातचीत में कहा कि इस कहानी ने उन पर इतना प्रभाव डाला कि उन्होंने तुरंत इस प्रोजेक्ट में शामिल होने का निर्णय लिया।
अभिनेत्री ने कहा, "इसकी कहानी ने मुझे सबसे अधिक चकित कर दिया। यह कहानी असली घटनाओं से प्रेरित है। ऐसे मामले वास्तव में अलग-अलग राज्यों में हुए हैं। जब मैंने यह सुना, तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ कि कोई इतनी चालाकी से लोगों को धोखा दे सकता है। कई पुरुषों से शादी करना, उन्हें लूटना और फिर अचानक गायब हो जाना।"
पूजा गौर ने आगे कहा कि यह उनके लिए अत्यंत चौंकाने वाला था, लेकिन एक कलाकार के रूप में, यह विचार आया कि इस विषय पर एक अद्भुत फिल्म या सीरीज बनाई जाए।
अभिनेत्री ने इस सीरीज को 'ड्रामेडी' का नाम देते हुए कहा कि इसमें दर्शकों को कॉमेडी, सस्पेंस, इमोशन, थ्रिल और भरपूर एंटरटेनमेंट का अच्छा मिश्रण मिलेगा। उन्होंने बताया, "यह ऐसा शो है, जिसे हमारा दर्शक परिवार के साथ देख सकता है। इसके एपिसोड छोटे और रोचक हैं, इसलिए दर्शक जब इसे देखेंगे तो उन्हें इसके एपिसोड समाप्त होने का अहसास नहीं होगा।"
सीरीज की कहानी मध्य प्रदेश के छोटे-छोटे शहरों के परिवेश को दर्शाती है। अभिनेत्री ने भाषा, शारीरिक भाषा और माहौल पर बात करते हुए बताया कि निर्माण के समय यह ध्यान में रखा गया कि दर्शक इस कहानी से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा, "हमारा सौभाग्य है कि हमारी कहानी मध्य प्रदेश और मध्य भारत पर आधारित है, लेकिन हमने इस प्रोजेक्ट के दौरान किसी विशेष बोली या लहजे पर जोर नहीं दिया। हमारा उद्देश्य यह था कि कहानी सभी को समझ में आ सके, इसलिए हमने अधिकांश भाषा आसानी से समझी जाने वाली हिंदी में रखी। मुझे लगता है कि इस निर्णय से शो अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुँच पाएगा।"