राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के वेलकम इलाके में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमानुल्लाह कुरैशी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देर रात मिली थी गोलीबारी की सूचना
पुलिस के मुताबिक 19 और 20 मई की दरम्यानी रात थाना वेलकम क्षेत्र में गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम श्याम लाल कॉलेज के पास घटनास्थल पर पहुंची। वहां पता चला कि घायल अमानुल्लाह को उसके परिजन पहले ही गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर जा चुके थे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अमानुल्लाह कुरैशी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और आसपास के इलाके की जांच की।
हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर संख्या 233/26 दर्ज की है। केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।
मृतक के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता तस्लीम ने घटना को लेकर कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सलमान, उसकी मां, उसका भाई अक्षय नावेद, सलमान जेडी का परिवार और उसका भाई काफिल इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार को पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
पुलिस जांच पर जताया भरोसा
तस्लीम ने बताया कि घटना से पहले उन्होंने पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें दिल्ली पुलिस पर पूरा भरोसा है और पुलिस मामले में उनकी मदद करेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।