चेन्नई, 18 मई (आईएएनएस)। तमिल सिनेमा में इन दिनों अभिनेता शिवकार्तिकेयन की नई फिल्म 'सेयोन' को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच खास उत्सुकता बनी हुई है और अब फिल्म की शूटिंग भी आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। मदुरै में पूजा के साथ फिल्म का शुभारंभ किया गया, जिसमें कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। इस दौरान कमल हासन की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा। फिल्म का निर्देशन शिवकुमार मुरुगेसन कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल और टरमरिक मीडिया मिलकर कर रहे हैं। फिल्म में अभिनेत्री भाग्यश्री बोरसे मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह उनकी पहली तमिल फिल्म होगी। फिल्म की शुरुआत की घोषणा करते हुए प्रोडक्शन हाउस राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, '''सेयोन' की शुरुआत हो चुकी है और अब जश्न शुरू होता है।'' इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस ने कमेंट्स में फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर करनी शुरू कर दी। फिल्म की लॉन्चिंग से पहले निर्देशक शिवकुमार मुरुगेसन ने एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में वह अपनी टीम के साथ कमल हासन के ऑफिस पहुंचते हैं और एग्रीमेंट साइन करते दिखते हैं। उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए कहा, ''मैं बहुत समय से सोच रहा था कि क्या मुझे कमल हासन का ऑटोग्राफ मिल पाएगा, लेकिन अब मुझे खुद कमल हासन के साइन वाला 80 पन्नों का एग्रीमेंट मिला है। यह पल मेरे लिए किसी सपने के पूरे होने जैसा है।'' फिल्म को लेकर लोगों की दिलचस्पी तब और बढ़ गई थी, जब मेकर्स ने 'द सेलिब्रेशन' नाम से फिल्म की एक झलक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में मदुरै के करुमाथुर विरुमांडी मंदिर में होने वाले मासी कलारी उत्सव की झलक दिखाई गई थी। वीडियो में कहानी को मेले में हुए एक बड़े झगड़े के बाद की दिखाई जाती है। पुलिस स्टेशन में कई लोग इकट्ठा होते हैं और एक कांस्टेबल इंस्पेक्टर को बताता है कि मेले में भारी हंगामा हुआ था। वीडियो में कुछ युवक आधे मुंडे सिर के साथ दिखाई देते हैं। पूछने पर पता चलता है कि उन्होंने मेले में नाच रही महिलाओं का वीडियो बनाने की कोशिश की थी। उनकी इस हरकत से नाराज होकर किसी ने उन्हें पीट दिया और आधा सिर मुंडवा दिया।
शिवकार्तिकेयन की 'सेयोन' की दमदार अंदाज के साथ शूटिंग शुरू, कमल हासन की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह