नई दिल्ली, 23 मई। गर्मियों में सबसे अधिक खतरा पानी और आवश्यक मिनरल्स की कमी से होता है। चिकित्सक निरंतर सलाह देते हैं कि ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए, जो न सिर्फ शरीर को ठंडा रखते हैं, बल्कि ऊर्जा भी प्रदान करते हैं। भारत में पारंपरिक रूप से उपयोग किया जाने वाला आम पन्ना गर्मियों का एक खास पेय है। यह कच्चे आम, मसालों और प्राकृतिक तत्वों से बनता है और सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत फायदेमंद है। इसमें मौजूद पोषक तत्व गर्मी से होने वाली समस्याओं से बचाव में सहायक हो सकते हैं।
कच्चे आम में विटामिन-सी की उच्च मात्रा होती है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है। चिकित्सा अनुसंधान दर्शाते हैं कि विटामिन-सी सफेद रक्त कोशिकाओं के कार्य को बेहतर बनाता है, जिससे संक्रमण का खतरा कम होता है। गर्मियों में धूप और धूल के कारण शरीर जल्दी थक जाता है, ऐसे में आम पन्ना शरीर को तरोताजा रखता है।
आम पन्ना का एक प्रमुख लाभ यह है कि यह शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। गर्मी के मौसम में पसीने के माध्यम से कई आवश्यक मिनरल्स जैसे सोडियम और पोटैशियम बाहर निकल जाते हैं, जिससे कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। कच्चे आम में मौजूद पोटैशियम और नमक मिलकर आम पन्ना शरीर में इन तत्वों की कमी को पूरा करता है।
आम पन्ना पाचन तंत्र के लिए भी अत्य लाभदायक है। कच्चे आम में फाइबर और कुछ प्राकृतिक एसिड होते हैं, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। गर्मियों में कई लोग अपच, गैस और भूख की कमी जैसी समस्याओं का सामना करते हैं। ऐसे में आम पन्ना पेट को हल्का करने और पाचन को संतुलित रखने में मदद कर सकता है, और इसमें मौजूद भुना जीरा भी पाचन एंजाइम को सक्रिय करता है।
यह पेय त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद साबित होता है। कच्चे आम में मौजूद विटामिन-ए और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं। गर्मी और तेज धूप से त्वचा में सूखापन और जलन बढ़ सकती है। ऐसे में आम पन्ना शरीर को अन्दर से हाइड्रेट करके त्वचा के स्वास्थ्य में सुधार करता है, जिससे त्वचा अधिक स्वस्थ और चमकदार दिखाई देती है।
आम पन्ना शरीर के तापमान को संतुलित रखने में सहायक है। कच्चे आम की ठंडी तासीर और पुदीना, काला नमक व जीरे जैसे तत्वों के संग मिलकर यह एक राहत देने वाला पेय बन जाता है।