मोतिहारी, 21 मई। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की योजना को नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने अपहृत बच्चे को सुरक्षित लौटा लिया है। यह घटना दरपा थाना क्षेत्र में घटी, जहां 20 मई की रात लगभग 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक मासूम को अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने कोल्ड ड्रिंक पीने के बहाने बुलाया और फिर जबरन उसे बाइक पर बिठाकर फरार हो गए। जैसे ही सूचना मिली, पुलिस महकमें में बेचैनी फैल गई। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने इस गंभीर मामले को देखते हुए रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई। रात के समय सटीक स्थानों को सील कर दिया गया तथा तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
छापेमारी दल ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए संभावित अपराधियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। पुलिस की कार्रवाई के चलते अपहरणकर्ता बार-बार स्थान बदलने लगे। अपहृत बच्चे को छिपाना उनके लिए कठिन हो गया। पुलिस की बढ़ती निगरानी और चारों ओर से घेराबंदी देख कर अपराधी काफी परेशान हो गए। नतीजतन, पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर अपहृत बच्चे को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में उपयुक्त धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों का पता लगा लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दूसरी ओर, बच्चे के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजन बहुत खुश हैं और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दे रहे हैं।