मुंबई, 22 मई। वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के चलते शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में हल्का गिरावट दर्ज की गई, और दोनों कीमती धातुएं सीमित दायरे में ट्रेड कर रही थीं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 जून 2026 का सोने का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 1,59,606 रुपए की तुलना में 108 रुपए कम होकर 1,59,498 रुपए पर खुला।
सुबह के 9:56 बजे सोना 405 रुपए या 0.25 प्रतिशत की कमी के साथ 1,59,201 रुपए पर कारोबार कर रहा था।
अब तक के ट्रेड में सोने ने 1,58,816 रुपए का न्यूनतम स्तर और 1,59,498 रुपए का उच्चतम स्तर देखा।
चांदी में भी गिरावट का अनुभव हुआ। 05 जुलाई 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 2,74,883 रुपए की तुलना में 1,083 रुपए घटकर 2,73,800 रुपए पर खुला।
खबर लिखे जाने तक चांदी 533 रुपए या 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,74,350 रुपए पर थी।
चांदी ने अब तक के ट्रेड में 2,73,266 रुपए का निचला और 2,75,000 रुपए का ऊपरी स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना 0.37 प्रतिशत गिरकर 4,527 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.18 प्रतिशत की कमी के साथ 76.88 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी।
वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का माहौल बना हुआ है, लेकिन ईरान से तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं। ईरान की समाचार एजेंसी आईएसएनए ने बताया है कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच मध्यस्थ के माध्यम से बातचीत जारी है, जिसमें दोनों पक्ष संघर्ष समाप्त करने के लिए समझौते की रूपरेखा तैयार करने के लिए संदेशों और ड्राफ्ट का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
इस बीच, भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रही, जिसमें सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में दिख रहे थे।