मुंबई, 25 मई। लंबे समय से चल रही अटकलों और चर्चाओं पर विराम लगाते हुए, अभिनेत्री अक्षरा सिंह और अभिनेता अक्षय कुमार का नया गाना 'घिस घिस घिस' जल्द आने वाला है। सोमवार को निर्माताओं ने इस गाने की पहली झलक साझा की।
यह गाना अक्षय की आने वाली फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का एक हिस्सा होगा। निर्माताओं ने एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी कि गाना आज ही जारी किया जाएगा, लेकिन इसका समय अभी तक नहीं बताय गया है।
अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर इस गाने का मोशन वीडियो साझा किया है। वीडियो में अक्षय और अक्षरा दोनों ही मजेदार और अनोखे अंदाज में नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो पोस्ट करते हुए अक्षय ने लिखा, "यह तो बस एक छोटी सी झलक है… तैयार रहें, क्योंकि जंगल का माहौल अब पूरी तरह बदलने वाला है। गाना 'घिस घिस घिस' आज जारी होने जा रहा है।"
अक्षरा सिंह और तुषार कपूर ने भी अपने-अपने इंस्टाग्राम पर मोशन वीडियो साझा करते हुए लिखा, "स्पीकर फटेगा और डांस फ्लोर पूरी तरह गरज उठेगा। 'घिस घिस घिस' आज ही रिलीज हो रहा है।"
इस गाने की जानकारी मिलते ही फैंस में भारी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि यह गाना केवल एक संगीत नहीं, बल्कि दो अलग-अलग इंडस्ट्री का मिलन भी माना जा रहा है। अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिन्होंने अभिनय और गायिकी दोनों क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। ऐसे में, अक्षय की फिल्म में उनकी मौजूदगी उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है। अब देखना होगा कि आज रिलीज के बाद यह गाना यूट्यूब और सोशल मीडिया पर क्या नए रिकॉर्ड कायम करता है।
अक्षय की इस बहुप्रतीक्षित कॉमेडी-एक्शन फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के लिए फैंस बेहद उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म के निर्माताओं ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि यह फिल्म 26 जून से सिनेमा हॉल में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।