पटना, 20 मई। बिहार राज्य मंत्रिमंडल की बुधवार को आयोजित बैठक में 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। यह बैठक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर यातायात बढ़ाने की नीति के तहत नए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए नॉन-स्टॉप उड़ानों की पेशकश के लिए मेसर्स इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो एयरलाइंस) द्वारा प्रस्तुत गयाजी से बैंकॉक के मार्ग के लिए एकल निविदा को 12 महीने के लिए 10.40 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई।
सरकार का मानना है कि गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बैंकॉक के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से बिहार में विदेशी, खासकर बौद्ध पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। थाईलैंड से हर साल कई पर्यटक बौद्ध स्थलों की यात्रा के लिए भारत आते हैं, जिनमें बोधगया जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं।
इस नई हवाई सेवा से बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य में पर्यटन गतिविधियों का विकास होगा। इसके अलावा, बैठक में वामपंथी नक्सलियों के खिलाफ एसटीएफ में विशेष कौशल वाले 50 पुलिसकर्मियों को अधिकतम 15 वर्षों के लिए प्रतिनियुक्ति पर रखने के लिए पुलिस महानिदेशक पटना को अधिकार देने की अनुमति दी गई।
इसके साथ ही, नालंदा में बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत 960 एमटीपीडी क्षमता के बॉयल्ड राइस उत्पादन यूनिट की स्थापना के लिए 88 करोड़ 18 लाख रुपए की पूंजी निवेश को मंजूरी दी गई, जिससे 185 श्रमिकों को रोजगार मिल सकेगा।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए 747 करोड़ 97 लाख 64 हजार रुपए की अग्रिम स्वीकृति बिहार आकस्मिकता निधि से दी गई। इसके अलावा, बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, पटना के लिए पहले से स्वीकृत 94 पदों में से 87 पदों को लौटाने और 53 अतिरिक्त पदों के सृजन की अनुमति भी दी गई।