आर. माधवन ने बिना अनुमति इंटरव्यू क्लिप के इस्तेमाल पर जताई नाराजगी, कहा- 'ऐसे लोग जनता का विश्वास तोड़ते हैं'

आर. माधवन ने बिना अनुमति इंटरव्यू क्लिप के इस्तेमाल पर जताई नाराजगी, कहा- 'ऐसे लोग जनता का विश्वास तोड़ते हैं'

मुंबई, 20 मई। अभिनेता आर. माधवन हाल ही में एक वेलनेस ब्रांड द्वारा उनकी बिना अनुमति के इंटरव्यू क्लिप का इस्तेमाल करने को लेकर भड़क गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर उस कंपनी के खिलाफ अपने विचार साझा किए, जिसने कथित रूप से उनके एक इंटरव्यू के हिस्से को अपने विज्ञापन में शामिल किया। माधवन ने कहा कि कंपनी ने उनकी जानकारी के बिना उनके वीडियो का उपयोग किया, जिससे ऐसा आभास होता है कि वह उस प्रोडक्ट का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने इसे गलत ठहराते हुए कानूनी कार्रवाई की भी बात कही।

बुधवार को माधवन ने अपने इंस्टाग्राम पर उस वेलनेस ब्रांड द्वारा बनाए गए वीडियो का स्क्रीनशॉट साझा किया। इस वीडियो में उनके इंटरव्यू का एक हिस्सा इस्तेमाल किया गया था, जिसमें स्पष्ट था कि इसे इस तरीके से पेश किया गया था कि लोग समझें कि माधवन उस प्रोडक्ट की प्रशंसा कर रहे हैं। इस कारण अभिनेता ने अपनी नाराजगी व्यक्त की।

माधवन ने उस तस्वीर पर अपनी टिप्पणी भी की। उन्होंने बताया, "इस वीडियो को इस तरह से तैयार किया गया है जैसे मैं खुद उस उत्पाद का प्रचार कर रहा हूं। इसमें मेरी अनुमति नहीं ली गई और मेरे इंटरव्यू को सीधे तौर पर विज्ञापन में बदल दिया गया है। इस तरह के कार्यों से जनता का विश्वास कमजोर होता है और लोगों को यह समझ नहीं आता कि कौन सही है और कौन गलत। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।"

इसके अलावा, माधवन ने पोस्ट के साथ एक विस्तृत कैप्शन भी लिखा। उन्होंने स्पष्ट किया, "यह अत्यंत दुखद और शर्मनाक है कि कुछ लोग और कंपनियां यह सोचती हैं कि वे किसी भी व्यक्ति के इंटरव्यू का हिस्सा लेकर उसे अपने प्रचार में इस्तेमाल कर सकते हैं। किसी कलाकार की बातों को उसकी अनुमति के बिना प्रचार सामग्री बनाना गलत है। इस विषय पर कानूनी नोटिस भेजा गया है।"

माधवन ने अपने पोस्ट में लोगों को ऐसे व्यवसायों और कंपनियों से सतर्क रहने की सलाह भी दी। उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग उनके समर्थन में आए।