अनुकूल रॉय को अफगानिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए भारत-ए टीम में जगह दी गई है। यह सीरीज 9 से 21 जुलाई तक श्रीलंका में आयोजित की जाएगी। ऑलराउंडर अनुकूल को हर्ष दुबे के स्थान पर लिया गया है, क्योंकि भारतीय टेस्ट और वनडे टीम में हर्ष का चयन किया गया है।
अनुकूल रॉय का जन्म 30 नवंबर 1998 को हुआ। वह वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेल रहे हैं। बाएं हाथ के स्पिनर और निचले क्रम के आक्रामक बल्लेबाज रहे अनुकूल ने 2018 में अंडर-19 विश्व कप में भारत को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) के खिलाफ उन्होंने 6.5 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।
अंडर-19 विश्व कप के दौरान अनुकूल सर्वाधिक विकेट (14) लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में 32 रन देकर 2 विकेट लिए।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अनुकूल को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार मिला था। इस सीजन में उन्होंने 18 विकेट हासिल करते हुए 303 रन बनाए।
गेंदबाजी और बल्लेबाजी के साथ ही अनुकूल अपनी बेहतरीन फील्डिंग के लिए भी जाने जाते हैं। एक समय ऐसा था जब मुंबई इंडियंस ने उनकी उत्कृष्ट फील्डिंग के कारण उन्हें टीम में शामिल किया था।
अनुकूल रॉय ने 2018 में झारखंड के लिए फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए में पदार्पण किया। इसके बाद 2019 में उन्हें टी20 फॉर्मेट खेलने का मौका मिला।
आईपीएल 2018 में मुंबई इंडियंस ने अनुकूल को 20 लाख रुपये की कीमत में अपने साथ जोड़ा, लेकिन उस सीजन में उन्हें खेल का अवसर नहीं मिला। आईपीएल 2019 में एमआई ने उन्हें रिटेन किया और एक मैच खेलने का मौका दिया, जिसमें उन्होंने 2 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट लिया।
आईपीएल 2022 के लिए केकेआर ने अनुकूल को 20 लाख रुपये में शामिल किया। उन्होंने तीन सीजन तक इसी मूल्य पर खेला। आईपीएल 2022 में उन्होंने 2 मैचों में 1 विकेट लिया। अगले साल उन्होंने 4 मैच खेले, जिसमें 3 विकेट लिए और 23 रन बनाए।
आईपीएल 2024 में अनुकूल ने 4 मैच खेले, लेकिन कोई विकेट नहीं मिला। इसके बावजूद केकेआर ने उन पर विश्वास बनाए रखा। आईपीएल 2025 में केकेआर ने उन पर 40 लाख रुपये का दांव लगाया। उस सीजन में वे सिर्फ 1 मैच खेल पाए और 1 विकेट लिया। आईपीएल 2026 में अनुकूल ने 13 मैचों में 29.75 की औसत से 8 विकेट चटकाए और 138.70 की स्ट्राइक रेट से 43 रन बनाये। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 16 गेंदों में 3 चौके के साथ 29 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अनुकूल का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है, जहां उन्होंने 46 मैचों में 141 विकेट लिए हैं और 27.37 की औसत से 1,834 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।
लिस्ट-ए क्रिकेट में अनुकूल ने 61 मैचों में 59 विकेट हासिल किए हैं और 8 अर्धशतकों के साथ 1,279 रन बनाए हैं। वहीं, 83 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 64 विकेट के साथ 1,003 रन भी जुटाए हैं।