आंवला सेहत के लिए बेहद गुणकारी होती है। कहते हैं रोज थोड़ा आंवला खाने से इम्युनिटी बूस्ट होती है। इसमें मौजूद फाइबर से पाचन तंत्र बेहतर होता है और गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याएं दूर हो जाती हैं। साथ ही बाल और त्वचा से जुड़ी समस्याओं को भी आंवला ठीक कर सकता है। शुगर के मरीजों के लिए ये किसी वरदान से कम नहीं है। इसका एक फायदा और होता है कि आंवला खाने से आंखें तेज होती हैं। इतने फायदे वाला ये फल आपको साइड इफेक्ट्स भी दे सकता है। अगर आंवला ज्यादा खा लिया जाए तो ये फायदे की जगह नुकसान देता है। आंवला ज्यादा खाने से आपको कई बड़ी समस्याएं हो सकती हैं। 

दांतों की प्रॉब्लम 

आंवले में विटामिन C काफी ज्यादा होता है, ये स्किन और बाल के लिए तो अच्छा है लेकिन दांतों के लिए ठीक नहीं है। विटामिन C ज्यादा लेने से दांतों के इनेमल को नुकसान होता है और फिर आपको सेंसिटिविटी की शिकायत हो सकती है। दांतों की बाहरी परत घिसने से दांत कमजोर हो जाते हैं। 

डाइजेशन प्रॉब्लम 

आंवला ज्यादा खाने से पेट से जुड़ी समस्यें भी हो सकती हैं। इसे खाली पेट खाया तो पेट में जलन, एसिडिटी या गैस भी हो सकती है। आंवला एक सिमित मात्रा में खाना ही बेहतर होता है नहीं तो डाइजेशन बिगड़ जाता है। 

लो ब्लड प्रेशर की प्रॉब्लम 

वैसे तो आंवला ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद करता है, लेकिन इसे ज्यादा खा लिया तो बीपी लो भी हो सकता है। ऐसे में जिन लोगों का ब्लड प्रेशर पहले ही लो रहता है उन्हें आंवला कम ही खाना चाहिए, नहीं तो उन्हें चक्कर आ सकते हैं और बेहोशी भी हो सकती है। 

गुर्दे की समस्या 

आंवला गुर्दे की पथरी भी बना सकता है। दरअसल, इसमें ऑक्सालेट ज्यादा होता है और अगर ये गुर्दे में कैल्शियम संग बंध सकता है। इसके कारण गुर्दे में कैल्शियम ऑक्सालेट पथरी होती है। पथरी होने पर तेज पेट दर्द, उल्टी और यूरिन में खून भी आ सकता है। 

एलर्जी की समस्या 

जिन लोगों को आंवले से एलर्जी होती है अगर वो इसका सेवन कर लें तो उन्हें खुजली हो सकती है। स्किन पर रैशेज आ सकते हैं और सांस लेने में भी तकलीफ हो सकती हैं। ऐसे में एलर्जी वाले लोगों को आंवला नहीं खाना चाहिए।